- Hindi News
- फर्नीचर खरीदने गए बटाला के डॉक्टर की लाश अगले दिन दुकान के बाथरूम से मिली
फर्नीचर खरीदने गए बटाला के डॉक्टर की लाश अगले दिन दुकान के बाथरूम से मिली
भास्कर न्यूज | बटाला /जालंधर
बटालासेफर्नीचर खरीदने करतारपुर आए डॉक्टर की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। पता भी अगले दिन चला जब डॉक्टर का बेटा उन्हें ढूंढ़ते हुए करतारपुर आया। उन्होंने पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन निकाली तो विश्वकर्मा मार्केट की आई। वह ढूंढ़ते हुए मार्केट पहुंच गए। तभी शोर मचा की दिलबाग फर्नीचर की छत पर बाथरूम से लाश मिली। जाकर देखा तो डॉक्टर की ही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जालंधर सिविल अस्पताल भेज दिया है।
बटाला के भंडारी मोहल्ले के रहने वाले 62 साल के डाॅ. धर्मपाल शर्मा बटाला में ही क्लीनिक चलाते थे और आर्मी से रिटायर्ड थे। डाक्टर डीपी शर्मा की एक बेटी और एक बेटा है, विवाहित है और दिल्ली में सैटल है। उनकी प|ी नीलम शर्मा ने बताया कि उनके डाक्टर शर्मा रविवार को घर के लिए फर्नीचर खरीदने करतारपुर गए थे। दोपहर ढाई बजे तक उनके साथ फोन पर संपर्क रहा लेकिन उसके बाद फोन की घंटी बजती रही लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। जब शाम तक फोन नहीं उठाया तो थाना करतारपुर में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। सोमवार को बटाला के थाना सिटी में भी सूचना दी गई कि करतारपुर पुलिस उनका फोन ट्रेस करती हुई वहां के एक फर्नीचर हाउस में पहुंची। पुलिस को फर्नीचर हाउस की छत पर बने बाथरूम से डाक्टर डीपी शर्मा की लाश पड़ी हुई मिली।
बताया गया है कि करतारपुर की विश्वकर्मा मार्केट में तीन चार दुकानों पर फर्नीचर देखने के बाद वह दिलबाग फर्नीचर की छत पर बाथरूम करने के लिए गए। वहीं उन्हें दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हो गई। दुकानदार ने बताया कि वह भूल गया कि कोई बाथरूम करने छत पर गया है। डाॅ. धर्मपाल के बेटे डाॅ. निरुपम शर्मा ने बताया कि जब देर रात तक पिता घर वापस नहीं आए, तो उन्हें ढूंढ़ने के लिए करतारपुर आए। थाना करतारपुर के एएसआई इंद्रजीत सिंह ने बताया कि डाॅ. धर्मपाल के फोन की लोकेशन के आधार पर वह उन्हें ढूंढ़ने में सफल रहे। दिल का दौरा पड़ने से डाॅक्टर की मौत हुई है, इसलिए 174 की कार्रवाई की गई है।
एमबीबीएस डाक्टर धर्मपाल शर्मा अर्मी से रिटायर्ड थे।