योजना कमेटी की नई योजनाओं का जायजा
गुरदासपुर | जिलायोजना कमेटी की चेयरपर्सन नीलम महंत की अध्यक्षता में कमेटी की बैठक हुई, जिसमें मुख्य कृषि अधिकारी, डिप्टी डायरेक्टर पशु पालन, जिला आयुर्वेदिक और युनानी अफसर और नगर कौंसिल के ईओ ने हिस्सा लिया।
बैठक में मुख्य कृषि अधिकारी ने नई योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि उनकी तीन लेब्रोटीज बटाला, डेरा बाबा नानक और काहनूवान में है। इनमें से केवल बटाला की लेब चल रही है और दो लेब फंडों की कमी के कारण बंद पड़ी है। अगर प्लानिंग विभाग से फंड प्राप्त हो जाए तो बंद पड़ी दोनों लेब चल सकती है। जिला आयुर्वेदिक और युनानी अफसर ने बताया कि उनके द्वारा जो दवाएं मुहैया की जाती है उनका कोई साइड इफेक्ट नहीं होता। जरूरतमंदों को दवाएं देने के लिए वे स्लम एरिया में कैंप भी लगाते है। डिप्टी डायरेक्टर पशु पालन ने बताया कि अच्छी नस्ल के पशु तैयार किए जाते है और पशु कैंप भी लगाए जाते है। पोल्ट्री फार्म के लिए 3 महीने की ट्रेनिंग भी दी जाती है। नगर कौंसिल के ईओ ने बताया कि शहर की सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। दो फोगिंग मशीनें भी शहर में चल रही है। इस मौके पर चेयरपर्सन नीलम महंत ने संबंधित विभागों को लोगों को जागरूक करने के लिए कैंप लगाने की ताकीद की। उन्होंने कहा कि उन्हें फंड मुहैया करवाने के लिए वे हर संभव सहायता करेगी।