- Hindi News
- ग्रामीणों के लिए बटाला में जन सूचना अभियान 10 से
ग्रामीणों के लिए बटाला में जन सूचना अभियान 10 से
ग्रामीणलोगोंको जनहित योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से भारत सरकार के सूचना कार्यालय द्वारा बटाला के पशु मेला ग्राउंड में 10 से 12 दिसंबर तीन दिवसीय जन सूचना अभियान कार्यक्रम आयोजित होगा। सूचना कार्यालय जालंधर की मीडिया एवं संचार अधिकारी और अभियान की नोडल अधिकारी ऊषा रानी ने बताया कि इस अभियान में मंत्रालय के क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय, विज्ञापन एवं दृश्य प्रचार निदेशालय, गीत एवं नाटक प्रभाग, आकाशवाणी एवं दूरदर्शन की मुख्य भूमिका रहेगी। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार के तहत जिला ग्रामीण विकास अभिकरण जिला प्रशासन भी इसमें भाग लेंगे। इस अभियान का उद्घाटन 10 दिसंबर को सुबह 11 बजे किया जाएगा। जिसमें केंद्र एवं राज्य मंत्री और राज्य जिले के गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।
जन सूचना अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार करके आम जन को इनकी जानकारी देना है ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। इसमें बहुत से विभाग प्रदर्शनी स्टालों के माध्यम से अपनी योजनाओं को प्रदर्शित करने के साथ-साथ लोगों को इनके बारे में जानकारी देंगे। इस अभियान में विज्ञापन एवं दृश्य प्रचार निदेशालय द्वारा एक भारत श्रेष्ठ भारत के तहत सबका साथ सबका विकास आधारित चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। अभियान में पंचायतों के प्रतिनिधि विशेषकर महिला प्रतिनिधि को सूचना के आदान-प्रदान के लिए विशेष मंच उपलब्ध होगा।
इस दौरान स्कूली बच्चों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की भागीदारी से जागरूकता रैली, वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा अन्य सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ग्रामीण बच्चों के लिए एक हेल्दी बेबी प्रतियोगिता भी करवाई जाएगी और स्वास्थ्य विभाग की सहायता से एक मुफ्त जांच शिविर भी लगाया जाएगा। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम, नाटक, कठपुतली जादू के करतबों के माध्यमों से भी लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ उनका मनोरंजन किया जाएगा। जन सूचना अभियान के दौरान गांवों के विकास में श्रेष्ठ योगदान देने वाले प्रधान महिला प्रतिनिधियों को सम्मानित किया जाएगा।