बेरोजगार टीचर्स ने टेट परीक्षा का नतीजा बदलने पर उठाया सवाल
गुरदासपुर | बेरोजगारटीचरों ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से लिए गए टीईटी 2015 टेस्ट पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि बार बार नतीजा बदलने से यह टेस्ट सवालों के घेरे में गया है। क्योंकि इसमें अनेक खामियां होने के कारण शिक्षा बोर्ड को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ रहा है। इस टेस्ट में बहुत से सवाल गलत पाए गए हैं जोकि पिछले टेस्टों से बहुत ज्यादा थे। टेस्ट में कुल 13 सवाल गलत पाए गए जिससे रिजल्ट बार बार रिवाइज किया गया। हर बार रिजल्ट रिवाइज करने से बोर्ड पर सवालिया निशान लग रहा है।
बोर्ड की ओर से जारी रिजल्ट की पहली सूची अनुसार पीएसटीईटी पेपर-1 में से 4442 उम्मीदवारों को पास घोषित किया गया था। इसके बाद 18 जनवरी और 25 जनवरी को दो बार रिजल्ट रिवाइज करने के बाद 1620 नए उम्मीदवारों को पास घोषित किया गया। दिलचस्प बात यह है कि यदि फिर से पास हुए उम्मीदवार कानून का दरवाजा नहीं खटखटाते तो बोर्ड की ओर से अयोग्य करार दिए जाते। जोगिंदर सिंह बटाला और जगदेव सिंह बल ने पंजाब सरकार से मांग की है कि बोर्ड की ओर से की गई गलतियों का खामियाजा 2015 से पहले पास हुए उम्मीदवारों को भुगतना पड़े जो पहले ही 4901 ईटीटी अध्यापक भर्ती रद्द होने के कारण बेरोजगारी की मार झेल रहे है। इस लिए 2015 से पहले पास हुए उम्मीदवारो को पहल के आधार पर विचार किया जाए।