- Hindi News
- बटाला नगर परिषद की सीटों को लेकर अभी तक कोई फैसला नहीं
बटाला नगर परिषद की सीटों को लेकर अभी तक कोई फैसला नहीं
नगरपरिषद चुनावों में नॉमिनेशन फाइल करने की तारीख 13 है और अभी तक बटाला हलका से किसी एक ने भी अपना नॉमिनेशन फाइल नहीं किया है।
अकाली-भाजपा गठबंधन में छिड़ी कोल्ड वार तो जग जाहिर है,पर कांग्रेस पार्टी सहित आजाद उम्मीदवारों की तरफ से एक भी नामांकन दाखिल नहीं किया गया। जबकि टिकट बंटवारे के लिए भाजपाइयों ने चंडीगढ़ में डेरा लगाया हुआ है तो अकाली दल बहुत आराम से चुनावों के लिए काम कर रहा है। बता दें कि अकाली-भाजपा के बीच टिकट बंटवारे को लेकर बयानों की जंग चल रही है और मंगलवार को दोनों पार्टियों के दिग्गज नेताओं के आने के बावजूद भी मामले का समाधान नहीं हो सका था। जिसके बाद भाजपाई तो बुधवार तड़के से ही चंडीगढ़ पहुंच गए हैं और समाचार लिखे जाने तक अभी भाजपा हाईकमान भी किसी नतीजे तक नहीं पहुंच पाई है।
इससे स्पष्ट होता है कि वीरवार तक भाजपाई पहले खुद किसी नतीजे पर पहुंचेंगे और फिर अकाली दल से बात करेंगे। दूसरी और पूर्व विधायक शिअद हलका इंचार्ज लखबीर सिंह लोधीनंगल बटाला में रह कर ही अपने तौर इलेक्शन कैंपेन को मजबूत करने के काफी भागदौड़ कर रहे हैं। यहां तक कि भाजपा के दिग्गज नेताओं की गैरहाजिरी में अकाली दल ने कई सीनियर भाजपा वर्कर और नेताओं तक पहुंच बना ली है। इस संबंध में लोधीनंगल ने कहा कि हम अपने स्टैंड पर सही हैं और 26 से कम सीटों पर चुनाव किसी भी सूरत में नहीं लड़ेंगे।
वहीं देर शाम चंडीगढ़ से जिला भाजपा प्रधान एडवोकेट सुरेश भाटिया ने फोन पर बताया अभी वह इस समय पार्टी की चल रही मीटिंग में ही व्यस्त हैं, बुधवार देर रात तक कोई नतीजा निकलने की आस है। चुनाव कमिशन की ओर से बटाला के लिए नियुक्त किए गए आरओ एडीसी जनरल तेजिंदरपाल सिंह संधू ने बताया कि अभी दो दिनों में किसी एक ने भी नॉमिनेशन फाइल नहीं किया है और 13 फरवरी दोपहर बाद 3 बजे तक नॉमिनेशन फाइल करने का समय है।
कांग्रेस और भाजपा में भी नहीं बन पाई सहमति
गुरदासपुर|नगरकौंसिल चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस बुधवार को भी अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं कर पाए हैं। हालांकि पहले चर्चा थी कि आज दोनों दलों की ओर से प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। इसे लेकर शहर में चर्चाओं का दौर सारा दिन गर्म रहा। शाम होते-होते भी दोनों दल अपने प्रत्याशियों को लेकर सहमति नहीं बना पाए। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस की ओर से सभी 27 वार्डों से प्रत्याशियों की सूची तैयार कर ली गई थी, लेकिन ऐन मौके पर तीन वार्डों से नामों को लेकर सहमति नहीं बन पाई। इसके चलते सूची की घोषणा का काम वीरवार तक टाल दिया गया है। उधर, भाजपा की ओर से भी सूची को फाइनल नहीं किया जा सका। पता चला है कि चंडीगढ़ में भाजपा प्रदेश और जिला पदाधिकारियों की बैठक के दौरान अभी केवल दस वार्डों से ही नामों को लेकर सहमति बन पाई है। उम्मीद जताई जा रही है कि वीरवार तक भाजपा भी सूची जारी कर देगी। ज्ञात रहे कि सीटों को लेकर पहले भाजपा और शिअद में मतभेद चल रहा था। शिअद की 14 वार्डों पर दावेदारी जताई जा रही थी, लेकिन मंगलवार को दोनों दलों के पदाधिकारियों की मीटिंग में शिअद 8 सीटों पर उम्मीदवार खड़े करने की बात मान गया। अब भाजपा ने 19 वार्डों से प्रत्याशी घाेषित करने हैं।