- Hindi News
- तनदेही से काम कराने वाले लोगों को ही जिताना चाहिए
तनदेही से काम कराने वाले लोगों को ही जिताना चाहिए
परिषदचुनाव को लेकर अकाली-भाजपा के बीच चल रही सीटों की जंग से बटाला में बड़ा इश्यू बना हुअा है। प्रत्येक व्यक्ति की जुबान पर गठबंधन की लड़ाई के चर्चे हैं। भाजपा में बड़ी गुटबाजी के कारण भी नेताओं की सामने आने वाली नाराजगियां भी किसी से छुपी नहीं है। हजीरा पार्क में वीरवार को सैर करते हुए तिलक राज नैय्यर ने दिल की बात सांझा करते कहा कि ऐसा माहौल पहले किसी चुनाव में देखने को नहीं मिला। सीटों को लेकर उम्मीदवार दौड़ कर रहे हैं। पार्षद बनने के बाद, वह जनता के लिए नहीं चलते। चुनाव के दौरान वाली मेहनत जारी रखें तो अगले चुनाव में उन्हें जीतने में कोई नहीं रोक सकता। शहर का विकास भी नहीं रुकेगा।
साथ चल रहे युवा दुकानदार करण सलहोत्रा ने कहा कि चाहे पहले जिस किसी भी पार्टी से नगर परिषद की कुर्सी संभाली हो,लेकिन किसी ने ऐसा कोई काम नहीं किया जो याद रखने लायक (मिसाल) हो। कई प्रधान बन चुके हैं, लेकिन आज बी लोगों की वही पुरानी मांगें, गंदगी हटाओ, पीने के लिए साफ पानी, सीवरेज बड़े किए जाएं, सफाई होनी चाहिए बरकरार हैं। कारोबारी रवि कुमार ने कहा कि सालों से ऐसा चलता रहा है और पता नहीं कब परिषद को चलाने वाले ऐसे नेता रहेंगे। जनसेवा करने वाले लोग बहुत कम हैं। ऐसे लोगों को आगे लाने की जरूरत है। शहर की आबादी को देखते हुए नई सीवरेज प्रणाली, पीने के पानी के लिए नई वाटर सप्लाई पाइपें, सफाई के लिए कर्मचारियों की जिम्मेदारी निश्चित नहीं की जाती तब तक सब व्यर्थ है। लोग गंदगी से निजात चाहते हैं। टैंडर निकलते हैं और वह पास भी होते हैं। सरकार पैसा भेजती है, लेकिन विकास दिखता नहीं, तो फिर वह फंड जाता कहां हैं।
भास्कर न्यूज | गुरदासपुर
नगरकौंसिल चुनाव को लेकर हर तरफ चर्चाओं का दौर जारी है। हर किसी की जुबान पर कौंसिल चुनाव को लेकर ही बातें चल रही हैं। खासकर बुजुर्ग इसमें खासी दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
फिश पार्क में सैर के लिए पहुंचने वाले लोगों की जुबां पर भी इन दिनों चुनाव को लेकर ही बातचीत चल रही है। सीनियर एडवोकेट बावा सिंह का कहना है कि चुनाव में ऐसे व्यक्ति को जीत दिलानी चाहिए जो लोगों की सेवा करें और वार्ड के कामों को तनदेही से कर सकें। ऐसे उम्मीदवार को चुनने का क्या फायदा, जो जीतने के बाद कभी दिखाई ही दे। इसी बीच फूड एंड सप्लाई विभाग से रिटायर सुखजिंदर सिंह बोल पड़े कि शहर में सफाई का कोई प्रबंध नहीं है। हर तरफ गंदगी के ढेर नजर आते हैं, जिन्हें हटाने कोई नहीं पहुंचता। इन्हें समय पर हटाया जाना चाहिए। शहर में कम से कम दो बार कूड़े की लिफ्टिंग होनी चाहिए। इस दौरान बात काटते हुए एयरफोर्स से रिटायर प्रकाश सिंह बोले कि गलियों नालियों की हालत कौन सी अच्छी है। सीवरेज के पानी की निकासी का कोई प्रबंध नहीं है। सीवरजे का पानी वाटर सप्लाई के साथ मिक्स होने के कारण ही शहर के लोग बीमार हो रहे हैं। शहर का पानी बहुत हानिकाकर हो चुका है, जिससे बीमारियां फैल रही हैं।
मार्केट कमेटी से रिटायर कुलबीर सिंह बाजवा बोले कि शहर में सड़कों का बुरा हाल है। हर जगह गड्ढे बने हुए हैं, जिससे आने जाने वालों को परेशानी होती है। हलकी बारिश से ही सड़कें पानी से भर जाती हैं। इसी बीच सेना से रिटायर सूबेदार सुखदेव सिंह संधू ने कहा कि शहर के एकमात्र पार्क फिश पार्क की हालत अत्यंत दयनीय है। इसकी संभाल के लिए कोई भी जिम्मेदारी उठाने को तैयार नहीं है। कहीं सफाई दिखाई देती है और लाइटें जलती नहीं है। कौंसिल की ओर से चौकीदार की नियुक्ति की जानी चाहिए। इसी दौरान रिटायर डीईओ पूर्ण सिंह सोहल बोले कि शहर में गिरने वाले वृक्षों को लोग काटकर घरों में ले जाते हैं। कौंसिल को इन वृक्षों की नीलामी से आय हो सकती है, जिससे शहर की दशा सुधारी जा सकती है। इनकी जगह पर नए पौधे लगाए जाने चाहिएं। अवैध कब्जे जाम का कारण बनते हैं, जिन्हें हटाने का प्रयास होना चाहिए।
दैनिक भास्कर ने वीरवार को गुरदासपुर के फिश पार्क और बटाला के हजीरा पार्क का दौरा कर सैर करने आए लोगों से चुनाव में खड़े हाेने वाले उम्मीदवारों के बारे में राय जानी। लोगों ने बताया कि उनका पार्षद विकास की राह पर चलने वाला हो। जीतने के बाद जनता के बीच पहुंचे और उनकी मुश्किलों के बारे में जाने और समाधान भी कराए। उन्होंने बीते चुनावों को याद किया। कौंसिल प्रधान, पार्षदों के बारे में बताया। वे बोले, शहर में होने को बहुत कुछ है, अगर कोई करना चाहे तो शहर को स्वर्ग जैसा बनाया जा सकता है, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वे उसे वोट करेंगे जो विकास कराए।