- Hindi News
- ऑिडट के लिए क्लर्क रजिस्ट्री रिकार्ड लेने पहुंचा तो पता लगा चोरी हो गया
ऑिडट के लिए क्लर्क रजिस्ट्री रिकार्ड लेने पहुंचा तो पता लगा चोरी हो गया
सबतहसील टांडा में रखा लगभग 750 रजिस्ट्रियों का रिकार्ड चोरी हो गया है। चोरी हुआ सारा रिकार्ड सब तहसील कैंपस में स्थित एक वीरान इमारत में रखा था। चोरी का पता शुक्रवार को चला। चोरी की वारदात के बाद अभी भी काफी रिकार्ड ज्यों ही बिखरा पड़ा है।
रिकार्ड चोरी होने की खबर मिलते ही रजिस्ट्री क्लर्क शादी लाल ने इसकी सूचना तहसीलदार दसूहा तरसेम सिंह को दी। इसके बाद टांडा पुलिस को सूचित किया गया। रात साढ़े आठ बजे तहसीलदार तरसेम सिंह, डीआरओ अमनपाल सिंह, डीएसपी टांडा कर्णवीर सिंह थाना प्रभारी हरप्रीत सिंह मौके पर पंहुचे और जांच शुरू कर दी। शादी लाल ने बताया कि सब तहसील में एजी पंजाब कार्यालय द्वारा ऑडिट चल रहा था। जब वह रिकार्ड लेने स्टोर में गए तो कमरे की खिड़की टूटी हुई थी और 15 वहियां गायब थीं जिनमें 50-50 रजिस्ट्रियों का रिकार्ड था। जांच में पाया गया कि वर्ष 2009 से 2011 तक की गई लगभग 750 रजिस्ट्रियों का रिकार्ड चोरी हो चुका था। पुलिस ने तहसीलदार तरसेम सिंह के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
चोरी की यह वारदात कई सवाल खड़े कर रही है कि चोरों द्वारा कागजातों को ही किस उद्देश्य के लिए चुराया गया होगा, वहीं संबंधित विभाग की लापरवाही भी सामने आई है। सब तहसील कैंपस में लाखों रुपए की लागत से नई इमारत बन चुकी है। इसके बावजूद काफी रिकार्ड कैंपस में किसी अलग विभाग की वीरान पड़ी इमारत में फेंका गया था। वीरान इमारत जिसका कोई गेट भी नहीं है उसको सब तहसील द्वारा रिकार्ड रूम के स्टोर के रूप में उपयोग में लाया जा रहा था। जहां अब भी काफी रिकार्ड जमीन पर बिखरा हुआ है।