फैक्ट्री से नकली एसीसी सीमेंट पकड़ी
मोगा | थानाधर्मकोट पुलिस ने नकली एसीासी सीमेंट के गोरख धंधे का पर्दाफाश कर एक फीड फैक्ट्री से कैंटर में भरी तकरीबन 400 बोरी सीमेंट बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट गुरजीत कौर ढिल्लो के सामने पेश किया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट ने पुलिस रिमांड की अर्जी स्वीकार करते हुए आरोपी को पूछताछ के लिए एक दिन के रिमांड पर पुलिस के हवाले कर दिया। एएसआई सुरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांव ढोलेवाला स्थित एक फीड फैक्ट्री में किसी ओर कंपनी के सीमेंट को एसीसी सीमेंट मार्का की बोरियों में भरकर लोगों से ठगी मारने का धंधा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शनिवार की रात तकरीबन एक बजे पुलिस ने छापा मार कर कैंटर में एसीासी मार्का वाले सीमेंट की तकरीबन 400 बोरियां बरामद की। इस मामले में राजिंदर कुमार गांव भलाना जिला कपूरथला को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एएसआई सुरजीत सिंह ने बताया कि फीड फैक्ट्री में से फिकटो प्राइवेट लिम. सीमेंट फैक्ट्री की खाली बोरियां भी बरामद की हैं। इस सीमेंट कंपनी की फैक्ट्री इस्लामाबाद (पाकिस्तान) में है। भारत में फि़कटो प्राइवेट लिम. नाम की कोई सीमेंट फैक्ट्री नहीं है।