- Hindi News
- \"प्रॉपर्टी टैक्स लगने से पंजाब सरकार की पोल खुली:खन्ना
\"प्रॉपर्टी टैक्स लगने से पंजाब सरकार की पोल खुली:खन्ना
भास्कर न्यूज|सुनाम (संगरूर)
धूरीके विधायक अरविंद खन्ना ने कहा कि पंजाब की अकाली भाजपा सरकार द्वारा लगाए गए प्रॉपर्टी टैक्स से साबित हो गया कि यह कांग्रेस की तत्कालीन केंद्र सरकार की शर्तों के कारण नहीं लगाया गया है बल्कि यह तो प्रदेश सरकार की ही देन है। इससे राज्य सरकार की पोल खुल गई है। वे बुधवार को कांग्रेस के नेता मुनीष सोनी के निवास स्थान पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि केंद्र में यूपीए सरकार के समय राज्य के तमाम अकाली भाजपा नेता सरकार के प्रतिनिधि कहते रहे कि केंद्र सरकार की तय शर्तों ने पंजाब को प्रॉपर्टी टैक्स लगाने पर विवश किया है। इतना ही नहीं लोकसभा चुनाव के दौरान अकाली भाजपा नेताओं ने दावा किया था कि यदि केंद्र में एनडीए की सरकार आई तो इस टैक्स को खत्म करवा दिया जाएगा। लेकिन अकाली भाजपा सरकार का जनता विरोधी चेहरा बेनकाब हो गया है। केंद्र में एनडीए के सत्ता में आने के बावजूद प्रदेश सरकार ने पंजाब की जनता पर करीब 250 करोड़ रुपए का बोझ डाल दिया है।
खन्ना ने कहा कि पंजाब विधानसभा में भी इस मामले को उठाने की ठोस योजना बनाई जाएगी और इस टैक्स का कड़ा विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता पर इतने भारी भरकम टैक्स लगाने के बावजूद राज्य की वित्तीय हालात बेहद नाजुक दौर से गुजर रही है।
पंजाब में हरियाणा के मुकाबले पेट्रोल सात रुपए प्रति लीटर महंगा है। इसके अलावा अन्य सभी चीजों पर पड़ोसी राज्यों की तुलना में बहुत ज्यादा टैक्स लगाया गया है। लेकिन फिर भी सरकार गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रही है। यह सरकार की नाकामी का सबसे पुख्ता प्रमाण है। मौके पर ब्लाक अध्यक्ष संजय गोयल, रोटरी क्लब के अध्यक्ष घनशाम कंसल, अनिल लोंगोवालिया, आशु गोयल, बलदेव भोला, जगजीत सिंह दर्दी, कमलदीप शर्मा, राजू कत्याल आदि हाजिर थे।