- Hindi News
- ग्रेड पे के लिए वित्तमंत्री कोठी पर प्रदर्शन
ग्रेड-पे के लिए वित्तमंत्री कोठी पर प्रदर्शन
साड्डा हक ऐथे रख : शनिवारको संगरूर में धरने के दौरान अपने अधिकारों के लिए आवाज बुलंद करती हुई प्रदर्शनकारी महिला।
भास्कर न्यूज | संगरूर
पूरेपंजाब से संगरूर में जुटे सहायक ब्लाॅक मैनेजरों, लेखाकारों, डाटा एंट्री ऑपरेटरों और मिड-डे मील दफ्तरी स्टाफ ने पंजाब के वित्तमंत्री परमिंदर सिंह ढींढसा की कोठी के सामने धरना दिया।
प्रदर्शनकारियों ने यातायात ठप करके पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इससे पहले प्रदर्शनकारी बनासर बाग में एकत्रित हुए। यहां से रोष मार्च करते हुए प्रदर्शनकारी जब ढींढसा कोठी के पास पहुंचे तो वहां तैनात पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।
प्रदर्शनकारियों ने पटियाला-धूरी बाईपास सड़क पर यातायात ठप करके धरना दिया। उन्होंने मांग की कि वित्त विभाग में लटक रही ग्रेड पे की मांग को तुरंत पूरा किया जाए।
यूनियन के राज्य प्रधान प्रवीण कुमार शर्मा ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा का ठेके पर भर्ती किए कर्मियों को बेहद कम वेतन देकर उनका शोषण किया जा रहा है। शिक्षा विभाग ने फाइल मंजूरी के लिए वित्त विभाग के पास भेजी है परंतु पिछले चार सालों से सरकार सिर्फ भरोसा ही दे रही है। यूनियन के सीनियर उप-प्रधान निर्मल सिंह और सचिव स्वराज सिंह ने कहा कि हालांकि वित्तमंत्री खजाना भरा होने का दावा करते हैं परंतु जब मुलाजिम अपने हक मांगते हैं तो खजाना खाली हो जाता है।
उन्होंने कहा कि यदि खजाना खाली है तो सरकार को वित्तीय इमरजेंसी का ऐलान कर देना चाहिए। इस मौके पर यूनियन नेता मनोज जोगा, दविंदर सिंह, अशोक कुमार, तेजिंदर सिंह, विजय कुमार, गीतांजली, गायत्री, हरमीक कौर, राजेश बातिश, स्वर्ण सिंह, राजपाल मौजूद थे।
धरने में प्राइमरी टीचर एसोसिएशन, बीएड अध्यापक फ्रंट, मुलाजिम मंच पंजाब, पीआरआई अध्यापक यूनियन के नुमाइंदे भी शामिल हुए।