नगर काउंसिल के खिलाफ नारेबाजी
धूरी के संगतपुरा मोहल्ले के लोग गली की मुरम्मत को लेकर नारेबाजी करते हुए
भास्कर न्यूज|धूरी (संगरूर)
शहरके वार्ड नंबर 3 में स्थित संगतपुरा मोहल्ला में बरसात के कारण कई स्थानों से गली के धंसने के कारण पड़ीं बड़ी-बड़ी दरारों को नगर काउंसिल द्वारा ठीक नहीं करवाए जाने से गुस्साए लोगों ने काउंसिल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए रोष प्रदर्शन किया।
इस मौके पर प्रदर्शनकारियों में शामिल संत सिंह, गुरचरण सिंह पूर्व पार्षद, हरदेव सिंह, गुरतेज सिंह, गुरचरण सिंह बेदी, परमदीप सिंह, जसविंदर सिंह, पवन कुमार, हरचरण सिंह, गुरदीप सिंह तथा परमजीत कौर आदि ने कहा कि उनके मोहल्ले की गली पिछले कई दिनों से हो रही बरसात के कारण कई स्थानों से धंस गई है। जिस कारण गली में कई स्थानों पर बड़ी-बड़ी दरारें पड़ने से यहां पर किसी भी तरह के हादसे का डर बना हुआ है। यहां से आम वाहनों के अलावा कई स्कूली बसें भी गुजरती हैं तथा इन दरारों के कारण किसी भी समय पर यहां पर कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने कहा कि इस संबंधी नगर काउंसिल के अधिकारियों को कई बार विनती करने के बावजूद किसी ने भी उनकी सुध लेनी जरूरी नहीं समझी है। उन्होंने नगर काउंसिल के अधिकारियों तथा प्रशासन को उनके मोहल्ले की गली को तुरंत ठीक करवाने की मांग करते हुए धमकी दी कि यदि ऐसा नहीं होता है तो वह मुख्य सड़क पर जाम लगाने सहित संघर्ष को और तेज करने से भी गुरेज नहीं करेंगे। (राजेश टोनी)