मामूली तकरार के बाद की फायरिंग
बसचालक और कार सवार तीन नौजवानों में हुई आपसी तकरार के बाद कार सवारों द्वारा बस को घेरकर चालक पर फायरिंग करने के आरोप में तीन नौजवानों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
इस संबंधी पुलिस स्टेशन सिटी धूरी में उक्त प्राइवेट ट्रांसपोर्ट कंपनी की बस के चालक कर्मजीत सिंह पुत्र हरनेक सिंह निवासी रामपुर छन्नां (अमरगढ़) के बयान के आधार पर दर्ज किए गए इस मामले के अनुसार वह धूरी-बागड़ियां रूट पर बस चलाते हैं। गत सांय तकरीबन 5 बजे जब उक्त बस चालक बस स्टैंड से बस को बागड़ियां ले जा रहा था तो उसकी कार सवार तीन नौजवानों से मामूली तकरार हो गई थी। इस तकरार के चलते उक्त नौजवानों ने बागड़ियां टी-प्वाइंट से लगभग एक किलोमीटर आगे जाकर इस बस को घेर लिया अौर राइफल की नोक पर चालक को बस में से नीचे उतार लिया। पीड़ित बस चालक के अनुसार इनमें से एक नौजवान शिव दयाल निवासी घन्नौरी कलां ने उस पर जान से मारने की नीयत से राइफल से फायरिंग शुरू कर दी, जिससे कि उसने जमीन पर लेटकर मुश्किल से अपनी जान बचाई।
इस संबंधी पुलिस स्टेशन सिटी धूरी के प्रमुख सतनाम सिंह से हासिल जानकारी के मुताबिक फायरिंग की आवाज सुनकर लोग इकट्ठे होने पर जहां इसके दोनों साथी वरिन्द्र सिंह निवासी घन्नौरी कलां तथा मनजीत सिंह निवासी खडिय़ाल मौके से फरार हो गए, वहीं भीड़ ने आरोपी शिव दयाल को काबू कर लिया गया।
एसएचओ ने बताया कि आरोपी शिव दयाल को गिरफ्तार करके वारदात में इस्तेमाल की गई राइफल और उक्त कार सहित कारतूस उसके खाली खोल बरामद करके तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के अधीन मामला दर्ज कर लिया गया है तथा बाकी दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। (राजेश टोनी)