- Hindi News
- साक्षर प्रेरकों ने वित्तमंत्री के निवास के पास धरना दिया
साक्षर प्रेरकों ने वित्तमंत्री के निवास के पास धरना दिया
अपनीमांगों को लेकर पंजाब के कई हिस्सों से जुटे साक्षर प्रेरक यूनियन के सदस्य रविवार को सिटी की सड़कों पर गए हैं। भड़के सदस्यों ने शहर की सड़कों पर रोष मार्च कर वित्त मंत्री निवास के सामने मुख्य सड़क पर धरना देकर यातायात को ठप कर दिया। आरोप है कि सरकार की ओर से उनकी कबूल की गई मांगों को लागू नहीं किया जा रहा है। तय प्रोग्राम के अनुसार साक्षर प्रेरक यूनियन के सदस्य रविवार को बनासर बाग में एकत्रित हुए। यहां से रोष मार्च करते हुए वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींडसा के निवास के पास पहुंचे। जहां तैनात भारी पुलिस बल ने यूनियन सदस्यों को वित्त मंत्री निवास के पास जाने से रोक दिया। भड़के सदस्यों ने वित्त मंत्री निवास के पास ही धूरी-पटियाला बाईपास पर धरना देकर यातायात को ठप कर दिया।
यूनियन के राज्य प्रधान गुरदीप सिंह दलेलगढ़ ने कहा कि नवंबर 2011 में जिला परिषद के माध्यम से मात्र 2 हजार रुपए प्रति माह पर 4602 साक्षर प्रेरकों और कोआर्डिनेटरों की भर्ती की गई थी परंतु 6 नवंबर 2012 को पंजाब सरकार ने इन प्रेरकों को हटा दिया। जबकि देश के दूसरे राज्यों में प्रेरक काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 8 जनवरी 2014 को यूनियन के वफद की मुख्यमंत्री के साथ बैठक हुई थी, जिसमें मुख्यमंत्री ने यूनियन की मांगो को कबूल कर लिया था परंतु 11 माह बीत जाने के बावजूद कबूल की गई मांगों को लागू नहीं किया जा रहा है। यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि मांगों को लेकर साक्षर प्रेरक कई बार चंडीगढ़ में वित्त मंत्री परमिंदर सिंह ढींडसा को भी मिल चुके हैं, बावजूद उनकी मांगों पर गौर नहीं किया जा रहा है। मौके पर गोबिंद सिंह, प्रवीण कौर बठिंडा, गुरबीर कौर बठिंडा, बलदेव सिंह बठिंडा, माला सोढ़ी, अमरजीत कौर, हरसेवक सिंह सुनाम, हरसेवक सिंह मालेरकोटला, सतिंदरप्रीत कौर, रूपिंदर कौर छाजली, पूनम कौर शेरपुर, हरविन्द्र कौर, कुलदीप सिंह, रेशम सिंह मुक्तसर, गुरजिंदर सिंह गिदड़बाहा, राजा सिंह सुनाम, जसविन्द्र सिंह, सतबीर सिंह, जसबीर कौर आदि ने भी संबोधित किया।
संगरूर में वित्त मंत्री निवास के पास सडक़ पर धरना देते साक्षर प्रेरक।