बूचड़खाने के खिलाफ रोष प्रदर्शन
भास्कर न्यूज | धूरी (संगरूर)
गांवघन्नौरी कलां में निर्माणाधीन बूचड़खाने को बंद करवाने के लिए बूचड़खाना विरोधी एक्शन कमेटी के बैनर तले शुरू किए गए संघर्ष के तहत सोमवार को प्रदर्शनकारियों ने धरना लगाकर पंजाब सरकार और केन्द्र की सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बेजुबान जानवरों के इस कत्लखाने को खुलने से रोकने के उद्देश्य से लोगों को प्रेरित करने के लिए हाजरान को एक डाक्यूमेंटरी फिल्म भी दिखाई गई। इस फिल्म के माध्यम से लोगों को यह बताने का प्रयास किया गया कि किस तरह ऐसे बूचड़खानों में बेजुबान जानवरों को सिर्फ कष्ट ही दिए जाते हैं, बल्कि उन्हें जीवित ही गर्म पानी में उबाले जाने सहित उनपर अन्य कई तरह के भी जुल्म करते हुए उनका कत्ल कर दिया जाता है। इस फिल्म को देखकर भावुक हुए लोगों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इस मौके पर बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं ने भी बीबी दयावंती के नेतृत्व में गठित की गई माई भागो बिग्रेड के बैनर तले हाथ ऊपर उठाकर इस बूचड़खाने को बंद करवाने के लिए हर बलिदान देने का ऐलान किया। बूचड़खाना विरोधी एक्शन कमेटी के नेता इन्द्रजीत सिंह घन्नौरी, बलजीत सिंह चहल, कर्मजीत गोरा, जग्गा सिंह, अमरजीत सिंह आदि ने बताया कि जहां कल को कमेटी के सदस्यों द्वारा 29 गांवों से लिखित में मिले विरोध पत्र सहित अकाल तख्त के समक्ष पेश होकर इस बूचड़खाने को बंद करवाने के लिए एक ज्ञापन सौंपा जाएगा, वहीं कल को गांव में देश के प्रधानमंत्री नरिंदर मोदी और मुख्यमंत्री पंजाब प्रकाश सिंह बादल का पुतला जलाकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर हरद्वारी लाल यादव प्रदेश सचिव गौ रक्षा विभाग विहिप, कर्मजीत सिंह सरपंच, गुरमुख सिंह, प्रगट सिंह, हरजीवन सिंह, जसवीर सिंह जस्सी, बलविंदर सिंह आदि भी मौजूद थे। (राजेश टोनी)
सोमवार को धूरी के गांव घन्नौरी कलां में बूचडख़ाने के विरोध में रोष प्रदर्शन करते लोग।