- Hindi News
- शराब माफिया के खिलाफ भूख हड़ताल पर बैठे शिव सैनिक की हालत बिगड़ी
शराब माफिया के खिलाफ भूख हड़ताल पर बैठे शिव सैनिक की हालत बिगड़ी
शिवसेनाबालठाकरे की ओर से शराब माफिया के खिलाफ हनुमान चौक में किया जा रहा आमरण अनशन शनिवार को तीसरे दिन में प्रवेश कर गया। इसकी अध्यक्षता प्रदेश सचिव हरविंदर सोनी ने की।
शनिवार को उनके अतिरिक्त वरिंदर सिंह मुन्ना, सुनील शर्मा, जतिंदर चिब, जीवन कुमार के अलावा गांव चावा, कलीचपुर और दीनानगर के वर्कर अनशन पर बैठे। सोनी ने बताया कि लगातार अनशन के कारण मुन्ना की सेहत बिगड़ गई है। उनके पेट में दर्द है। उनके मना करने के बावजूद पुलिस ने उन्हें जबरन इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करा दिया, लेकिन वह वहां इलाज कराए बिना ही वापस धरनास्थल पर आकर बैठ गए। सोनी ने आरोप लगाया कि शिव सैनिक शराब माफिया और आबकारी विभाग के खिलाफ अनशन पर बैठे हैं। हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद नेशनल हाइवे और स्टेट हाइवे पर शराब के ठेके खुले हैैं। शराब माफिया की इस सीनाजोरी को बंद कराने के लिए शिव सेना ने मोर्चा खोल रखा है। इन ठेकों को बंद कराने तक उनकी क्रमवार भूख-हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि आमरण अनशन के बारे में संगठन की प्रदेश कमेटी, सीएम, आबकारी विभाग के कमिश्नर और डीजीपी को सूचित किया जा चुका है। जिला प्रधान राजेश टिंकू ने चेतावनी दी कि अगर किसी शिव सैनिक को कोई नुकसान पहुंचा तो प्रदेश प्रमुख योगराज शर्मा के नेतृत्व में उग्र संघर्ष किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस मौके पर अजय कुमार, रविंदर महाजन, अमनदीप, कपिल शर्मा, जतिंदर, सन्नी ठाकुर, अमनदीप सिंह, दीपक कुमार, हरजीत कलीचपुर, गुरविंदर, नरिंदर, नीरज ठाकुर, अज्जू ठाकुर, गुरचरण, शक्ति सिंह, जग्गी और अन्य उपस्थित थे।
गुरदासपुर के हनुमान चौक में शराब माफिया के खिलाफ धरने पर बैठे शिव सैनिक वरिंदर सिंह मुन्ना की हालत खराब हो गई है।