- Hindi News
- मेले में तकरार के बाद घर जाकर हमला, 5 जख्मी
मेले में तकरार के बाद घर जाकर हमला, 5 जख्मी
अरविंदर कुमार।
भास्कर न्यूज | दीनानगर
गांवदबुर्जीशाम सिंह में आयोजित छिंज मेले में मामूली बात को लेकर हुई आपसी तकरार के चलते एक गुट ने दूसरे गुट के घर जाकर हमला कर दिया। झगड़े में दोनों गुटों के पांच लोग जख्मी हुए हैं।
कारपेंटर का काम करने वाले गांव हरीपुर के बलकार चंद ने बताया कि उसका बेटा अन्य दोस्त साथ लगते गांव दबुर्जी शाम में मेेला देखने के लिए गए थे। इस दौरान गांव के ही कुछ युवक उनके साथ झगड़ पड़े। रात को करीब आठ बजे विशाल, बिट्टू, राजन, सतपाल, करतार मसीह और जीत मसीह ने अपने पारिवारिक सदस्यों को साथ लेकर उनके घर पर आकर पथराव करना शुरू कर दिया। इनमें महिलाएं भी शामिल थीं। हमलावर अपने हाथों मेंं तेजधार हथियार लिए हुए थे और उन्होंने हमला कर बलकार चंद, उसका बेटा अरविंदर कुमार और भतीजे अर्जुन को जख्मी कर दिया। जबकि घर की महिलाओं ने खुद को कमरे में बंद कर अपनी जान बचाई। उसने बताया कि हमलावरों के हाथ में कृपाण और दराट भी था।
बलकार चंद ने बताया कि मुझ पर दरात से हमला कर जख्मी कर दिया और बेटे के सिर पर कृपाण से हमला किया गया। तेजधार हथियारों से भतीजा भी जख्मी हो गया। हमलावरों ने दरवाजों तोड़ने की कोशिश की। बलकार चंद ने बताया कि बड़ी मुश्किल से उन्होंने अपनी जान बचाई। गांव के लोगों के एकत्र होने पर हमलावर वहां से भाग गए। जब वह अस्पताल पहुंचे तो हमलावर भी खुद को जख्मी कर वहां पर पहुंच गए।
उधर, सीएचसी में दाखिल दूसरे गुट के राजन मसीह ने कहा कि मंटी, हैप्पी, नीटा, काका और राजू ने गली में उनका रास्ता रोक कर उन पर तेजधार हथियाराें से हमला कर दिया, जिससे वह स्वंय जख्मी हो गया।
मौके पर आए उनके पिता जगदीश मसीह पर हमला कर उसे जख्मी कर दिया गया। सिर में लगी चोट के कारण उसके पिता जगदीश मसीह को सिविल अस्पताल गुरदासपुर रेफर कर दिया गया है। झगड़े के बारे थाना दीनानगर में रपट दर्ज करवा दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।