सीट बंटवारे पर ना अकाली राजी ना भाजपा
नगरकौंसिल चुनावों को लेकर माहौल पूरी तरह से गर्म हो चुका है। सोमवार को शिअद ने सहयोगी पार्टी भाजपा के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर सहमति का दावा किया, जबकि भाजपा ने सरहिंद फतेहगढ़ साहिब कौंसिल की सीटों पर सहमति से इन्कार कर दिया। चुनावों में सीटों के बंटवारे को लेकर अकाली भाजपा के आब्जर्वरों की बैठक गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब की माता गुजरी सराय में हुई। जिनमें शिअद के जिला आब्जर्वर संता सिंह उम्मैदपुरी, भाजपा के जिला चुनाव आब्जर्वर हरजीत सिंह ग्रेवाल जिला आब्जर्वर गुरदेव शर्मा शामिल हुए। बैठक के दौरान जिले के नगर कौंसिल सरहिंद, फतेहगढ़ साहिब, मंडी गोबिंदगढ़, बसी पठाना और नगर पंचायत के 74 वाॅर्डों में होने वाले चुनावों को लेकर आपस में सीटों के बंटवारे पर चर्चा हुई। इनमें बसी, मंडी गोबिंदगढ़ नगर पंचायत खमाणों की सीटों को लेकर तो दोनों में ही सहमति बनी। लेकिन सरहिंद फतेहगढ़ साहिब सीटों को लेकर जितनी सीटें अकाली दल भाजपा को देना चाहती थी उस पर भाजपाई सहमत नहीं थे।
यहां जगदीप सिंह चीमा, राकेश गुप्ता, रंधीर सिंह चीमा, दीदार सिंह भट्टी, बलजीत सिंह भुट्टा, रंजीत सिंह लिबड़ा, गुरविंद्र सिंह भट्टी, अजय सिंह लिबड़ा, पूर्व कौंसिल अध्यक्ष शेर सिंह आदि मौजूद थे।
नगर कौंसिल
सरहिंद/फतेहगढ़ साहिब
कुल वोट 38796पुरुष20224महिलाएं18572
मंडीगोबिंदगढ़
कुल वोट 40433पुरुष21141महिलाएं19292
बसीपठाना
कुल वोट 15067पुरुष7839महिलाएं7228
नगरपंचायत खमाणों
कुल वोट 7047पुरुष3647महिलाएं3400
कुल वोटर
जिलेकी तीन नगर कौंसिल और एक नगर पंचायत के 74 वार्डों में 1,01343 वोटर हैं। जिनमें 54851 पुरुष और 48492 महिला वोटर हैं।
अकालियों ने किया सहमति का दावा
संतासिंह उम्मैदपुरी ने कहा कि चारों ही नगर कौंसिलों के 74 वार्डों में से 42 पर अकाली दल और 32 पर भारतीय जनता पार्टी मिलकर चुनाव लड़ेगी। सरहिंद फतेहगढ़ साहिब की 21 सीटों में से 14 पर शिअद और 7 पर भाजपा, मंडी गोबिंदगढ़ की 25 सीटों में से 14 पर भाजपा 11 पर शिअद, बसी की 15 सीटों में से 9 शिअद 6 पर भाजपा प्रत्याशी होंगे। जबकि नगर पंचायत खमाणों के 13 सीटों में से 8 पर शिअद और 5 पर भाजपा प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे जाएंगे। जो मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
शिअद भाजपा की माता गुजरी सराय में हुई बैठक के बाद भाजपा पदाधिकारियों की बैठक सरहिंद में हुई। भाजपा के जिला आब्जर्वर गुरदेव शर्मा जिला अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि जितनी सीटें सरहिंद नगर कौंसिल के लिए अकाली भाजपा को दे रहे हैं उस पर उनकी कोई सहमति नहीं है। अकाली सरहिंद फतेहगढ़ साहिब कौंसिल के लिए 21 में से भाजपा को मात्र 7 सीटें देने की बात कर रहे हैं जो उन्हें मंजूर नहीं है। जबकि शहर में भाजपा की दावेदारी 12 सीटों की है। उन्होंने कहा कि 12 सीटें मिली तो वे पार्टी हाईकमान से बात करेंगे। जो फैसला हाईकमान का होगा उसी के अनुसार चला जाएगा। हालांकि भाजपा आब्जर्वर गुरदेव शर्मा ने सीटों की सहमति होने पर अलग तौर पर चुनाव लड़ने की तो कोई बात नहीं की, पर इतना जरूर कहा कि अगर सरहिंद में उनकी मांग के अनुसार सीटों पर सहमति नहीं हुई तो इसका प्रभाव चारों ही नगर कौंसिलों पर पड़ सकता है। जबकि भाजपा नेता पहले भी बयान दे चुके हैं कि अगर सीटों को लेकर शिअद से सहमति नहीं बनी तो पार्टी प्रत्याशी सभी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बैठक में सीटों के बंटवारे के अलावा इस बात पर भी कोई सहमति नहीं बन पाई कि कौन से वार्ड में किस पार्टी का प्रत्याशी होगा। इस मौके पर लाल चंद जिंदल, धर्मपाल राओ, रणसिंह कलसी, शशि भूषण गुप्ता, एसएन शर्मा, मनोज गुप्ता आदि मौजूद थे।
भाजपा की मीटिंग में शामिल भाजपा आब्जर्वर, जिला अध्यक्ष अन्य।
मीटिंग के बाद बात करते हुए संता सिंह उम्मैदपुरी अन्य।