- Hindi News
- मॉडर्न सिटी बनेगा अमलोह तैयार हो रहा है प्लान
मॉडर्न सिटी बनेगा अमलोह तैयार हो रहा है प्लान
नवनीत छिब्बर| मंडी गोबिंदगढ़
लोहानगरीमंडी गोबिंदगढ़ और धर्म नगरी फतेहगढ़ साहिब के बाद अब अमलोह के लिए मास्टर प्लान तैयार हो रहा है। टाउन प्लानिंग डिपार्टमेंट के आर्किटेक्ट और इंजीनियर इस काम में जुटे हैं। मास्टर प्लान में अमलोह की काया पलट करने की तैयारी है। यह मास्टर प्लान लागू हुआ तो अमलोह और मंडी गोबिंदगढ़ के बीच की करीब 6 किमी की दूरी मिट जाएगी। हालांकि मंडी गोबिंदगढ़ और फतेहगढ़ साहिब के मास्टर प्लान क्रमश: 2010 2012 में एप्रूव्ड हो चुके हैं, लेकिन अभी तक इस पर काम शुरू नहीं हुआ है। वजह है सरकार के पास फंड की कमी। बहरहाल, अमलोह के सूरत बदलने का नक्शा तैयार हो रहा है।
अमलोह के लिए तैयार हो रहे मास्टर प्लान में 108 गांवों को शामिल किया गया है। जिसमें 70 गांव तहसील अमलोह के हैं। फतेहगढ़ साहिब तहसील के 38 गांवों को भी इसमें शामिल किया गया है। प्लान के मुताबिक नए अमलोह का रकबा 71638.25 एकड़ होगा। मास्टर प्लान से इस क्षेत्र की 97095 लोगों को फायदा होगा।
जिला टाउन प्लानर प्रीत कंवल ने बताया कि अमलोह को माॅर्डन सिटी बनाने के लिए हर पहलु पर गौर किया जा रहा है, जिससे सिर्फ वहां के बाशिंदों को फायदा पहुंचे बल्कि बाहर से आने वाले लोग भी आकर्षित हों। उन्होंने बताया कि अमलोह को लोकल प्लानिंग एरिया, पंजाब रीजनल एंड टाउन प्लानिंग एंड डेवलपमेंट एक्ट-1995 की धारा 56(1) के तहत नोटिफाइड किया गया है।
अमलोह में कारोबारियों को आकर्षित करने की तैयारी
मास्टरप्लान में माॅर्डन सिटी के सभी पहलुओं को शुमार करने की कोशिश की जा रही है। सिटी को अलग से इंडस्ट्रीयल जोन दिया जाएगा। जिससे अमलोह में कारोबारियों को आकर्षित किया जा सके। आम जनता के साथ ही इंडस्ट्री को बेहतर ट्रांस्पोर्टेशन मिले इसके लिए अच्छी क्वालिटी का रोड नेटवर्क बनाने की तज्जवीज प्लान में की जाएगी। इसके अलावा रेजिडेंशियल एरिया को अलग किया जाएगा, जिसमें ग्रीन बेल्ट भी होगी। साथ ही रिक्रिएशनल प्वांइट भी होंगे, जैसे सिनेमा, मॉल, पार्क वगैहरा। मॉर्डन सिटी में मिक्स लैंड यूज का प्रोविजन भी रहेगा। जो मेन रोड्स के दोनों ओर 150 मीटर के दायरे में होगा। मिक्स लैंड यूज में छोटे कारोबारी अपना धंधा कर सकेंगे। इसके लिए कारोबारियों को पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड से एनओसी लेनी होगी। इसके बाद ही वे मिक्स लैंड यूज कर सकेंगे।