सहन नहीं होगा दलितों पर अत्याचार
फतेहगढ़ साहिब। गुरुरविदास प्रचार कमेटी द्वारा पटेल नगर में भक्त रविदास के प्रकाश उत्सव को समर्पित श्री सुखमणि साहिब पाठ के भोग डाले गए। इस मौके पर बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अवतार सिंह करीमपुरी राष्ट्रीय जनरल सचिव नरेंद्र केशव विशेषतौर पर शामिल हुए। करीमपुरी ने पिछले महीने नगर कौंसिल द्वारा गुरू रविदास के मंदिर को तोड़े जाने की निंदा करते हुए कहा कि पंजाब सरकार का यह लोगों की भावनाओं पर हमला है, जिसे सहन नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि जब दलित समाज ने मंदिर तोड़ने का विरोध किया तो उन पर झूठे केस डालकर उन्हें जेल भेज दिया गया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर प्रदेश सरकार ने 1 मार्च तक मंदिर का निर्माण नहीं करवाया तो श्री गुरु रविदास की भूमि खुरालगढ़ में पंजाब भर की रविदास कमेटियों को इकट्ठा कर संघर्ष की अगली रणनीति तैयार की जाएगी।
नेशनल दलित कौंसिल ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष लछमण दास ने कहा कि पंजाब सरकार लगातार दलितों से पक्षपात का रवैया अपनाए है। मंदिर को तोड़े जाने से दलित समाज आहत हुआ है। उन्होंने कहा कि दलितों पर अत्याचार किसी भी कीमत पर सहन नहीं होगा। जो कोई भी दलितों को कुचलने की कोशिश करेगा उसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। कौंसिल की ओर से अतिथियों को सम्मानित किया गया। जिला अध्यक्ष कूड़ा सिंह, रेशम सिंह, राजेंद्र सिंह, अवतार सिंह, गुरमीत सिंह, बहादुर सिंह, गुरमेल सिंह, भीम सिंह मौजूद रहे।
बसपा नेताओं को सम्मानित करते हुए लछमण दास अन्य।