करंट लगने से दो युवक घायल
फाजिल्का| गोशालारोड पर स्थित एक निजी मोबाइल कंपनी के शोरूम पर बोर्ड लगाने आए दो युवक 11केवी की हाई वोल्टेज तारों से चिपक जाने से बुरी तरह झुलस गए जिनको इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नोकिया के अधिकृत डीलर जयदीप टेलीकॉम शाप पर दोपहर को करीब 12.15 बजे दो लावा कंपनी के कर्मचारी दुकान की छत पर लावा कंपनी का लोहे का बोर्ड लगा रहे थे कि उनके हाथ से बोर्ड फिसलकर वहां से गुजर रही हाई वोल्टेज तारों से जा टकराया। जिसके चलते एक जोरदार धमाका हुआ तथा वहां मौजूद एक युवक बिजली के झटके से दूर जा गया तथा दूसरा बोर्ड के साथ चिपक गया। देख रहे लोगों ने उसे बोर्ड से लकड़ी की लाठियों की सहायता से दूर हटा दिया। झटका इतना जोरदार था कि दोनों युवकों के हाथ बुरी तरह झुलस गए। इस मौके गनीमत यह रही कि बोर्ड के गिरने से तारें आपस में टकरा गई तथा बिजली की सप्लाई गुल हो गई नहीं तो दोनों का बचना काफी मुश्किल था। बाद में युवकों को उपचार के लिए स्थानीय सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जिनकी पहचान प्रमोद वासी बदायूं यूपी दूसरे की राजू वासी बरेली के रूप में हुई है। वहीं दूसरी ओर मामले की सूचना पावरकाम के अधिकारियों को मिलते ही उन्होंने बिजली की सप्लाई बाद में बहाल करवा दी। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।