पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • वाटर सप्लाई कट से बूंद बूंद पानी को तरसे लोग

वाटर सप्लाई कट से बूंद-बूंद पानी को तरसे लोग

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहरको सुंदर बनाने के लिए पंजाब सरकार द्वारा की गई एक और पहल शहरियों पर पहले दौर में ही भारी पड़नी शुरू हो गई है। शहर के तमाम बिजली के पोल्स को खत्म कर सभी विद्युत लाइनें भूमिगत करने के लिए प्रोजेक्ट शुरू हो गया है, लेकिन बिना योजना एवं बिना ड्राइंग के शुरू किए गए इस प्रोजेक्ट के कारण शहरियों पर मुसीबतों का पहाड़ गिरना शुरू हो गया है। कहीं पर टेलीफोन की तारें कट गई हैं तो कहीं पर विद्युत सप्लाई प्रभावित हो रही है।

सबसे बड़ी घटना मंगलवार दोपहर मोदी मिल के समीप घटित हुई जब ठेकेदार ने शहर को पानी सप्लाई करने वाली मेन पाइप लाईन को ही काट डाला। देखते ही देखते पूरा शहर जलमग्न हो गया। समय की नजाकत काे भांपते हुए प्रशासन ने पूरे शहर को टंकियों से होने वाली वाटर सप्लाई को रोक दिया। मंगलवार की शाम और रात को लोगों के घरों में भरीं टंकियों से गुजारा हो गया, लेकिन बुधवार अमावस का दिन होने के चलते लोग जहां नहा धो कर दान पुण्य करना शुभ समझते हैं, वहीं अघोषित वाटर सप्लाई कट के कारण कई लोगों को नहाना तक नसीब नहीं हुआ। सबसे ज्यादा दिक्कत गृहणियों को हुई जिन्हें घरेलू कामकाज करने के लिए पानी की किल्लत दरपेश आई। प्रशासन के विरुद्ध रोष व्यक्त करते हुए नगर निवासियों राजेश कुमार, साक्षी खुराना, राजीव कपूर, दीपक नारंग, कुलविन्द्र सिंह ने कहा कि बिजली के अघोषित कटों को सहने की आदत सी पड़ गई है लेकिन अब प्रशासन द्वारा बिना सूचना पानी रोक देना वाकई नागरिकाें को मुश्किल में डालने समान है। कई लोगों ने कहा कि उन्होंने सुबह अपने बच्चों को बिना नहलाए स्कूल भेजा है। अगर पानी का कट लगाना था तो इसके लिए एक दिन पूर्व नगर में मुनादी करवानी चाहिए थी ताकि लोग अपना बंदोबस्त कर लें। दोपहर एवं शाम को पानी की सप्लाई सामान्य रूप से जारी रही जिससे लोगों ने चैन की सांस ली।