- Hindi News
- खानेके अहल सोढेवाला रोड ने रोकी कारोबार की रफ्तार
खानेके अहल-सोढेवाला रोड ने रोकी कारोबार की रफ्तार
खस्ताहाल रोड पर गड़ढों में खड़ा पानी।
ऐसे बड़े गड्ढे देते हैं हादसों को न्यौता।
भास्कर न्यूज | फिरोजपुर
मल्लांवालारोड के कई गांवों को फिरोजपुर सिटी से जोड़ने वाली खानेके अहल-सोढेवाला लिंक रोड अपनी बदहाली पर आसूं बहा रही है। मक्खू गेट चौक से मल्लांवाला रोड पिछले छह माह से निर्माणाधीन है जिसके कारण इस रोड का पूरा ट्रैफिक खानेके अहल-सोढेवाला लिंक रोड पर निर्भर है, लेकिन प्रशासन ने इस रोड की कभी सुध नहीं ली।
लिंक रोड पर कई शैलर उद्योग हैं जहां से चावल पूरे देश एवं विदेशों में एक्सपोर्ट होता है। रोड पर स्थित कई शैलर उद्योग, सीमेंट फैक्ट्री संचालकों एवं राहगीरों दविन्द्र पाल धवन, नरिन्द्र कुमार रोकी, संजीव नरूला, जयदीप, गुरदर्शन सिंह, सुखविन्द्र सिंह ने प्रशासन के समक्ष गुहार लगाई कि वह प्रत्येक वर्ष टैक्स की भारी भरकम राशि सरकार को अदा करते हैं और कोई सुविधा नहीं मांगते, लेकिन व्यापार चलाने के लिए कम से कम बेहतर रोड तो मिले।
अनाज से लदे वाहन जब रोड से गुजरते हैं तो बड़े बड़े गड्ढों में धंस जाते हैं, जिससे कई बार वाहनों एवं अनाज का नुकसान हो चुका है। सबसे अधिक परेशानी बारिश के दिनों में होती है, मामूली बारिश से सड़कों पर पड़े गड्ढे पानी से लबालब हो जाते हैं और हर समय हादसों का भय बना रहता है।
उन्होंने रोष जताते हुए कहा कि जब मक्खू गेट-मल्लांवाला रोड का निर्माण कार्य शुरू हुआ था तो प्रशासन को उसी समय सब्सटिट्यूट के तौर पर इस लिंक रोड की दशा सुधारनी चाहिए थी।
शैलर उद्योग संचालकों ने कहा कि यह लिंक रोड फिरोजपुर शहर को बहादरवाला, अहमदवाला, रक्खड़ी, साबूआना, अटारी, लक्खा भेड़िया, तेगा सिंह वाला, कटोरा, निजामवाला, गैंदर, बस्ती वकीलां वाली, वाहका मोड़, बस्ती राम लाल, लधूवाला, मस्तेके, महालम इत्यादि गांवों से जोड़ती है और इन गांवों के हजारों लोगाें का रोजाना आवागमन है। उन्होंने मांग रखी कि धान सीजन से पहले प्रशासन को इस रोड की हालत सुधारनी चाहिए ताकि उद्योगों, वाहनों एवं राहगीरों को हादसों से होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।