- Hindi News
- चोरी की गाड़ियां बिकवाने के आरोपी दो डीटीओ कर्मी काबू
चोरी की गाड़ियां बिकवाने के आरोपी दो डीटीओ कर्मी काबू
फॉलोअप
जिलापुलिस ने अक्टूबर माह में डीटीओ दफ्तर फिरोजपुर से नकली आरसी बनवाकर चोरी की गाड़ियां बेचने के आरोप में पकड़े गए दो आरोपियों से पूछताछ के बाद नया खुलासा किया है। पुलिस ने बुधवार को डीटीओ कार्यालय में तैनात दो क्लर्कों सुरिन्द्र कुमार भंडारी मुलख राज कपूर को इसी मामले में गिरफ्तार किया है।
डीएसपी विभोर शर्मा ने बताया कि 21 अक्टूबर को थाना सिटी पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर अलीके रोड पर दबिश देकर जसबीर कुमार उर्फ बिट्टू पुत्र बलराज कुमार निवासी वोहरा कॉलोनी और पवन कुमार उर्फ पुन्नू पुत्र सुरजीत सिंह निवासी अलीके रोड को गिरफ्तार किया था।
आरोपियों ने पुलिस के सामने खुलासा किया था कि वह चोरी की गाड़ियों को जॉली नंबर प्लेटें लगा कर इनकी जॉली आरसी तैयार कर पंजाब एवं अन्य राज्यों में लोगों को बेचते हैं। दबिश में पुलिस ने 120 जॉली रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, 120 जॉली ड्राइविंग लाइसेंस, 6 जॉली नंबर प्लेट्स बरामद की थीं, जबकि आरोपियों की निशानदेही पर एक स्विफट डिजायर कार, दो इंडिगो कार, एक मारुति कार, एक ईजोन गाड़ी, एक बोलेरो गाड़ी, एक फोर्ड मार्का ट्रैक्टर, तीन बाइक, एक ट्रैक्टर की छतरी बरामद की है। विभोर शर्मा के अनुसार इसी केस की जांच में पाया गया कि चोरी की गाड़ियां बेचने वाले इस गिरोह में डीटीओ कार्यालय फिरोजपुर के कुछ कर्मचारी भी शामिल हैं।
इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए कार्यालय के क्लर्कों सुरिन्द्र कुमार भंडारी और मुलख राज कपूर की संलिप्त पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। थाना सिटी पुलिस द्वारा 21 अक्टूबर को पवन कुमार और जसवीर कुमार के विरुद्ध दर्ज मामले में इन दोनों को नामजद किया गया है।
मुलख राज कपूर डीटीओ कार्यालय में क्लर्क पद पर तैनात था और कुछ वर्ष पहले वह सेवानिवृत हो चुका है। पंजाब सरकार द्वारा पता नहीं किस आधार पर उसे पुन: इसी कार्यालय में क्लर्क का पद प्रदान किया गया है।
डीटीओ दफ्तर के क्लर्कों को गिरफ्तार कर थाने पहुंची पुलिस।