पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • देश को कांग्रेस पंजाब अकालियों ने लूटा: मान

देश को कांग्रेस पंजाब अकालियों ने लूटा: मान

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
लोकसभाचुनाव के बाद आम आदमी पार्टी की लहर में आई मंदी के बाद एक बार फिर नेताओं ने नई जान फूंकनी शुरू कर दी है। मंगलवार को जिला इंचार्ज अमनदीप कौर की अध्यक्षता में वर्कर मीटिंग का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के प्रांतीय संयोजक सुच्चा सिंह छोटेपुर और सांसद भगवंत मान ने विशेष तौर पर हिस्सा लिया।

इस दौरान भगवंत सिंह मान ने वर्करों से कहा कि आम आदमी पार्टी में सभी को मान सम्मान दिया जाता है और इसी के कारण ही वह लोकतंत्र के मंदिर संसद तक पहुंच पाए है, जहां हर इंसान की आवाज को उठाना वह अपना कर्तव्य समझते है। उन्होंनें कहा कि आजादी के बाद देश को जितना कांग्रेस और पंजाब को अकालियों ने लूटा है, उतना शायद ही अंग्रेजों ने आजादी से पहले भारतीयों को लूटा होगा। मान ने कहा कि पंजाब में भ्रष्टाचार और नशे कांग्रेस के शासन में शुरू हुए थे, लेकिन अकाली दल ने उसे बढ़ाने में अहम योगदान दिया।

उन्होंनें कहा कि आज शायद ही कोई गांव, कस्बा, शहर बचा हो, जहां पर नशे का प्रभाव ना हो। ईमानदार और शरीफ आदमी के लिए पंजाब में रहना भी मुश्किल हो गया है।

इस अवसर पर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल की प्रशंसा करते हुए सुच्चा सिंह ने कहा कि केजरीवाल ने आयकर विभाग से अधिकारी की नौकरी छोड़कर देश सेवा का प्रण लिया था और उसी के बलबूते उन्होंनें आप का गठन किया। उन्होंनें कहा कि केजरीवाल ने तो उन लोगों को माफ कर दिया था, जिन लोगों ने उन पर स्याही फेंकी, थप्पड़ मारा, अंडा मारा लेकिन पंजाब के मुख्यमंत्री परकाश सिंह बादल के जूता लगा भी नहीं था कि जूता फेंकने वाले को आप का कार्यकर्ता बताकर उसे फंसाने की कोशिश की जा रही है। वर्कर मीटिंग में सांसद मान बिना किसी प्लानिंग के देरी से पहुंचे थे और उनके आने का किसी भी वर्कर को अंदेशा तक नहीं था। लेकिन जैसे ही वे मीटिंग में पहुंचे वर्करों में नया जोश छा गया। इस अवसर पर जसपाल सिंह, रणबीर भुल्लर, सन्नी कालिया, दविन्द्र, गुरसेवक सिंह, मलकीत सिंह थिंद, प्रीतम सिंह धूरिया, डा. प्रदीप राणा, अजायब सिंह, कमलजीत संधू भी उपस्थित थे।

बैठक

वर्कर मीटिंग में उपस्थित आप कार्यकर्ता