आर्थिक आधार आरक्षण के लिए पुख्ता आधार : आंचल
भास्कर संवाददाता | गुरदासपुर
जनरलकेटेगरीवेलफेयर फेडरेशन की बैठक फिश पार्क में हुई, जिसकी अध्यक्षता जिला प्रधान अरुण कुमार आंचल ने की। बैठक की कार्यवाही महासचिव इंजीनियर प्रीतम सिंह भट्टी ने चलाई। इस मौके पर वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरिंदर मोदी के आरक्षण संबंधी दिए बयान, जिसमें उन्होंने जाति आधारित आरक्षण कभी भी बंद करने के बारे कहा है कि कड़े शब्दों में निंदा की। केंद्र और पंजाब सरकार से मांग की गई कि आरक्षण का आधार जाति की जगह आर्थिक किया जाए क्योंकि आरक्षण के लिए आर्थिक आधार एक पुख्ता आधार है।
उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि जनरल वर्ग की भलाई के लिए एक नए भलाई विभाग का गठन किया जाए। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के पांच मेंबरी बैच द्वारा एम नागराज बनाम यूनियन आफ इंडिया के केस में 19 अक्टूबर 2006 को हुए फैसले को पंजाब में लागू करने के लिए पंजाब सरकार की निंदा की और मांग की कि उक्त फैसले को तुरंत पंजाब में लागू किया जाए। उन्होंने जनरल वर्ग के हकों की रक्षा के लिए जनरल वर्ग के लोगों को जागरूक करने की जरूरत को बल दिया।
इस दौरान सभी सदस्यों ने पंजाब सरकार से मांग कि कि एडमिशनों और नियुक्तियों में जो आवेदक जिस केटेगरी में अप्लाई करता है, उसे उसी केटेगरी में रख कर विचार किया जाए ताकि हर वर्ग को बनता प्रतिनिधित्व मिल सके। वक्ताओं ने संघ प्रमुख मोहन भागवत द्वारा जातिगत आरक्षण की समीक्षा करने के विचारों का समर्थन करते हुए आरक्षण आर्थिक आधार पर करने की मांग की। वक्ताओं ने आरक्षण से संबंधित अदालतों में चल रहे कोर्ट केसों के बारे में भी जानकारी दी गई। बैठक में बृजभूषण गुप्ता, यशपाल कौशल, विकास सिंगारी, सृष्टीपाल, रमेश चंद्र शर्मा, इंजीनियर नरिंदर सिंह, सुखजीत सिंह चाहल, सतीश कुमार महाजन, महिंदर पाल शर्मा आदि मौजूद थे।