गुरदासपुर कौंसिल को पावरकॉम ने दिया नोटिस
फंडोंकी कमी से जूझ रही नगर कौंसिल गुरदासपुर के लिए आने वाले दिन और परेशानी बढ़ा सकते हैं। शहर की स्ट्रीट लाइट्स का छह करोड़ रुपए का बिजली बिल बकाया है। ऐसे में पावरकॉम कभी भी स्ट्रीट लाइट्स का कनेक्शन काट सकता है, जिससे पूरा शहर अंधेरे में डूबने की आशंका है।
उधर, नगर कौंसिल के पास बिल भरने के लिए पैसे ही नहीं हैं। नगर कौंसिल की ओर से पिछले करीब डेढ़ साल से बिजली का बिल नहीं भरा गया है, जो बढ़कर अब लगभग छह करोड़ पहुंच चुका है। पिछले दिनों पावरकॉम एक बार स्ट्रीट लाइट्स का कनेक्शन काट भी चुका है। कौंसिल के आग्रह इसे बहाल कर दिया गया था।
शहर को परेशानी नहीं आने दी जाएगी : प्रधान
दूसरीतरफ नगर कौंसिल गुरदासपुर के प्रधान मनोज कुमार शैंपी का कहना है कि सरकार से अभी तक फंड प्राप्त नहीं हुआ है। फंड आते ही सबसे पहले पावरकॉम के बकाया बिजली बिल का भुगतान किया जाएगा। स्ट्रीट लाइट्स के मामले में शहर के लोगों को किसी तरह की कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
कोई जवाब नहीं मिला : एसडीओ अमरदीप
पावरकॉमके एसडीओ अमरदीप सिंह का कहना है कि बिजली बिल के भुगतान के लिए कौंसिल को दो बार नोटिस भेजा जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं दिया गया। अगर ऐसे ही चलता रहा तो उच्च अधिकारियों के निर्देश पर विभाग स्ट्रीट लाइट्स का कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी कर सकता है।
कौंसिल फंड्स की कमी के कारण पहले ही शहर विकास के मामले में लगातार पिछड़ता जा रहा है। कौंसिल की ओर से सरकार को 16.20 करोड़ रुपए का बजट पास होने के लिए भेजा था, लेकिन सरकार ने इसमें कटौती करते हुए केवल 15.41 करोड़ रुपए के बजट को ही मंजूरी दी थी। इसमें से 10.24 करोड़ रुपए कर्मचारियों के वेतन पर खर्च होने हैं। कौंसिल के पास हर महीने जितना भी बजट इकट्ठा होता है उसमें से ज्यादातर वेतन पर खर्च हो जाता है।