प्लॉटों पर निर्माण के अधिकार को लेकर की रैली
भास्कर संवाददाता | गुरदासपुर
भूमाफिया विरोधी मोर्चा की ओर से मंगलवार को सभी राजनीतिक दलों के आह्वान पर मोहल्ला गोपाल नगर के प्लॉटों में रैली की गई। रैली की अध्यक्षता पीपीसीसी सदस्य रमन बहल, सुखदेव सिंह भागोकावां, मक्खन सिंह कोहाड़, ठाकुर ध्यान सिंह, सुखविंदर सिंह काहलों, हरजोत सिंह अब्बलखैर, निर्मल सिंह बोपाराय, दर्शन बिल्ला और बलबीर सिंह रंधावा ने की।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि मोर्चा को चलते कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक जिला प्रशासन ने प्लॉट मालिकों को निर्माण का अधिकार नहीं दिया है। प्लॉटों के शिजरा में तबदीली करने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। मोर्चा नेता रमन बहल पर हमले के मामले में उनके बयान को एफआईआर का आधार नहीं बनाया गया। इसी तरह कोहाड़ पर हमला करने वालों को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा और ही उनके बयान पर पर्चा दर्ज किया गया है। ऐसा राजनीतिक रंजिश के तहत किया जा रहा है। वक्ताओं ने चेतावनी दी कि इस धक्केशाही को सहन नहीं किया जाएगा। मोर्चा 25 फरवरी को मामले की फिर से जांच की चाल को सफल नहीं होने देगा। इस दौरान प्लॉट मालिक कुलवंत सिंह के खिलाफ बिजली चोरी का झूठा केस दर्ज करने की निंदा की गई। फैसला किया गया कि प्लॉट मालिकों की रजिस्ट्रियों के अनुसार निर्माण कराने के लिए जारी संघर्ष को तेज किया जाएगा तथा जरूरत पड़ी तो मोर्चा की ओर से हलके के गांवों में झंडा मार्च किए जाएंगे।
गोपाल नगर में धरने को संबोधित करते बलबीर सिंह रंधावा। भास्कर