धार्मिक पोस्टर फाड़े जाने से रोष
भास्कर संवाददाता | गुरदासपुर
जहाजचौक में श्री गुरु रविदास महाराज का पोस्टर फाड़े जाने से मंगलवार को शहर में तनाव पैदा हो गया। चौक में एकत्रित समुदाय के लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान थाना सिटी पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
उधर, थाना सिटी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि आरोपी की मानसिक हालत ठीक नहीं है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पूर्व पार्षद हरजिंदर बिट्टा ने बताया कि श्री गुरु रविदास नौजवान सभा आर्य नगर की ओर से जहाज चौक में 22 फरवरी को होने वाले प्रोग्राम का पोस्टर लगाया गया था। इसे किसी शरारती तत्व ने फाड़ डाला। इसका पता जैसे ही समुदाय के लोगों को लगा उनमें रोष पैदा हो गया। समुदाय के लोग जहाज चौक में एकत्रित हो गए और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों का कहना था कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इस मौके पर जेपी खरलांवाला, अमरजीत सिंह, कै. हंसराज, परसराम, राज कुमार, बलदेव सिंह, बिशंभर बिट्टू, अमित कुमार आदि मौजूद थे।
जहाज चौक में आरोपी के खिलाफ नारेबाजी करते श्रद्धालु।