फौजी मनजीत सिंह की मनिहारी में हत्या, पेड़ से लटकती मिली लाश
भास्कर संवाददाता | कादियां/कटिहार
जिलागुरदासपुर के कस्बा कादियां के फौजी मनजीत सिंह की लाश शनिवार को बिहार के मनिहारी थाना के तहत महियारपुर में बांसबिट्टी में पेड़ से लटकी मिली। आरंभ में तो यह लगा कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है या फिर उसकी हत्या कर लाश रस्सी से लटका दी गई है। मनिहारी पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। उसके पास से सेना का पहचान पत्र, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल इत्यादि मिले है। पुलिस ने इसी आधार पर उसके परिजन और गुवाहाटी के सेना मुख्यालय को सूचित किया।
सिख रेजिमेंट का जवान मनजीत सिंह(36) 8 फरवरी को कादियां स्थित कृष्णा नगर से गुवाहाटी न्यू बोगाईगांव के लिए चला था लेकिन ड्यूटी पर नहीं पहुंचा। मनिहारी पुलिस ने बताया कि मनजीत सिंह ने नाॅर्थईस्ट ट्रेन से यात्रा की थी। यह ट्रेन कटिहार में सुबह 6 बजे के आसपास कटिहार पहुंचती है।
इस घटना के बाद सवाल यह उठता है कि मनजीत सिंह 9 फरवरी को अमृतसर से ट्रेन में सवार हो चला तो उसे दूसरे दिन ही गुवाहाटी पहुंच जाना था लेकिन वह नहीं पहुंचा। कटिहार पहुंचे मनजीत सिंह के भाई सुखदीप सिंह ने बताया कि जब वह गुवाहाटी नहीं पहुंचा तो उसकी गुमशुदगी की सूचना कादियां थाने में 11 फरवरी को दर्ज कराई गई थी। भाई सुखदीप सिंह यह नहीं बता सका कि वह मनिहारी कैसे पहुंच गया। मनिहारी और कटिहार जिले में उसके कोई सगे-संबंधी भी नहीं है। मनजीत का टिकट भी अमृतसर से न्यू बोगाईगांव के लिए डायरेक्ट था। पोस्टमार्टम करने वाले डाॅ. मनीष कुमार का कहना है कि उसे दो गोली लगी है। एक कान के नीचे और एक कान के आसपास। कान के नीचे लगने वाली गोली सीधे आर-पार निकल गई है। डाक्टरों के अनुसार उसका लाश लगभग 48 घंटे पुराना है।
पुलिस इस सवाल का जवाब तलाश रही है कि मनजीत सिंह 10 को कटिहार पहुंचा होगा। 10, 11 और 12 फरवरी को वह कहां रहा। क्योंकि उसका शव 13 फरवरी को मिला था। मनजीत सिंह के भाई के अनुसार उसका वैवाहिक जीवन खुशहाल है और वह छुट्टियों में घर आया था। उसे 10 फरवरी को गुवाहाटी पहुंचना था। कटिहार अपर पुलिस अधीक्षक छोटेलाल का कहना है कि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है कि वह मनिहारी कैसे पहुंचा। मनिहारी रोड साइड स्टेशन भी नहीं है। निश्चित रूप से कटिहार स्टेशन पर उतरकर उसने बस या ट्रेन के सहारे मनिहारी पहुंचा या लाया गया होगा। इस संबंध में मनिहारी में हत्या से संबंधित मामला दर्ज कर लिया गया है। बहरहाल घटना की सूचना मिलने के बाद सेना अधिकारियों के कटिहार पहुंचने की संभावना है और मामले की अपने स्तर से छानबीन करेंगे और पुलिस पदाधिकारी से मिलेंगे।
एक सप्ताह में सेना के एक कैप्टन के रहस्यमय ढंग से गायब होने, फिर चलती ट्रेन से गुवाहाटी जा रहे सेना के ही एक जवान का बीच रास्ते से गायब होना और उसका शव बांसबाड़ी के बिट्टी में मिलना और उसकी हत्या गोली मारकर कर देने से अब कहा जाने लगा है कि ट्रेन में सफर करने वाले सेना के जवान महफूज नहीं हैं। मृतक मनजीत के भाई सुखदीप सिंह ने भी कहा है कि सेना के जवानों के लिए ट्रेनों का सफर सुरक्षित नहीं है। एक हफ्ते में घटी इन घटनाओं के बाद अब यह सवाल उठता है कि साजिश के तहत मनजीत को ट्रेन से उतारकर मनिहारी ले जाकर उसकी हत्या कर दी गई है। इसके वारदात के पीछे कोई नक्सली गतिविधि भी हो सकती है। इस बात से इंकार नहीं कि कटिहार का सीमांचल इलाके में नक्सली पैर पसार रहे हैं।
फौजी मनजी सिंह के बारे पता चलने पर उनके भाई सुखदीप सिंह मनिहारी पहुंचे।
वही नकारात्मक खबरें जो आपको जानना जरूरी हैं।