- Hindi News
- प्राइवेट बसें चलीं, लोगों ने ली राहत की सांस
प्राइवेट बसें चलीं, लोगों ने ली राहत की सांस
पठानकोट-गुरदासपुरकेबीच गांव रछपालवां के पास टोल प्लाजा को बंद कराने की मांग को लेकर पांच दिन से हड़ताल पर चल रहे निजी बस ऑपरेटरों ने शुक्रवार बसें चलाना शुरू कर दिया। इससे यात्रियों ने राहत की सांस ली है।
ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल खत्म होने से सबसे ज्यादा फायदा रोजाना बसों में सफर करने वाले सरकारी कर्मचारियों और स्टूडेंट्स को हुआ क्योंकि सरकारी कर्मियों को दफ्तर और स्कूल-कॉलेज जाने के लिए स्टूडेंट्स को दिक्कत झेलनी पड़ रही थी। बता दें कि वीरवार शाम को पंजाब मोटर्स यूनियन और अमृतसर-पठानकोट बस ऑपरेटर्स यूनियन के प्रधान जगदीश साहनी ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ बैठक की थी। गडकरी ने उन्हें समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद हड़ताल को समाप्त कर दिया गया। दैनिक यात्री रमेश कुमार ने बताया कि हड़ताल खुलने से सभी ने राहत की सांस ली है। इस रूट पर सरकारी बसों का टाइम काफी कम है, जिसके चलते परेशानी होती है। वह रोजाना पठानकोट में सामान की बिक्री के लिए जाते हैं लेकिन इतने दिनों तक हड़ताल रहने के कारण उनका धंधा चौपट हो गया था।
अब हड़ताल खुलने से कामकाज में तेजी आने की संभावना है। सरकारी टीचर महेंद्र पाल ने बताया कि वह पिछले दिनों समय पर स्कूल नहीं पहुंच पा रहे थे। हड़ताल खुलने के बाद समय पर स्कूल पहुंच सकेंगे। सरकार को समस्या का जल्द समाधान निकालकर लोगों को राहत देने की कोशिश करनी चाहिए। बैंक कर्मी नीलम कुमारी ने बताया कि वह रोजाना काम के लिए पठानकोट जाती हैं। पांच दिन बस स्टैंड से कोई बस चलने के कारण सरकारी बसों का इंतजार करना पड़ता था। आज बस स्टैंड पहुंचकर पता चला कि निजी बसें चल रही हैं तो काफी राहत मिली। उन्होंने कहा कि ट्रांसपोर्टरों को मिल बैठकर समस्या का समाधान निकालना चाहिए। बेवजह लोगों को परेशान नहीं करना चाहिए।
गुरदासपुर बस स्टैंड से बसों का आवागमन शुरू हुआ।