एडीसी से मिलने पहुंचे व्यक्ति को हार्ट अटैक, मौत
भास्कर संवाददाता |होशियारपुर
एडीसीऑफिस में वीरवार को उस समय हड़कंप मच गया जब अपनी फरियाद लेकर पहुंचा एक पंच एडीसी से बात करता करता वहीं पर बेसुध होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत अस्पताल लाया गया परंतु डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर मौजूद डॉक्टरों ने बताया कि पंच की मौत दिल का दौरा पड़ने से हुई है। मृतक की पहचान रिटायर्ड अध्यापक काला राम पंच बडाला पक्का के रुप में हुई है।
अस्पताल में गांव के नंबरदार हरमेश कुमार ने बताया कि वह डीसी ऑफिस में गांव में पानी की निकासी की समस्या लेकर आए थे। डीसी साहिब की अधिक व्यवस्था होने के कारण वह एडीसी राहुल चाबा से मिलने चले गए। वह एडीसी से बात कर रहे थे कि काला राम बेसुध होकर गिर गया। एडीसी राहुल चाबा ने तुरंत उन्हें उठ कर पानी पिलाया और डॉक्टर को कॉल किया। काला राम को अस्पताल लाया गया परंतु अस्पताल में काला राम को मृतक घोषित कर दिया गया। नंबरदार हरमेश ने बताया कि काला राम गांव जौड़ा में बतौर पीटी मास्टर काम किया थे।