कब्जा हटवाने को पंचायत ने दिया 10 दिन का अल्टीमेटम
भास्कर संवाददाता | होशियारपुर
गांवनंगल शहीदां में एक डेरा संचालक ने पंचायत की जमीन पर कब्जा कर लिया। संबंधित विभाग ने आज तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। अब गांव निवासियों ने जमीन छुड़वाने के लिए प्रशासन को 10 दिन का समय देते हुए 11वें दिन उक्त मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। इस संबंध में शुक्रवार को प्रेस क्लब होशियारपुर में गांव के सरपंच जोगा सिंह, पंच नंबरदार गुरमेल सिंह ने प्रेस वार्ता की।
सरपंच पंच ने बताया कि गांव नंगल शहीदां की ग्राम पंचायत की टोल प्लाजा के समीप मुख्य मार्ग पर 12.8 कनाल जमीन है। इसको लगते रास्ते पर एक डेरा संचालक द्वारा कंटीली तार और गेट लगाकर कब्जा कर लिया गया है। बीडीपीओ होशियारपुर-2 को लिखित शिकायत दिए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। पंचायत द्वारा उक्त जमीन लीज पर पीएनबी को दी गई है। पीएनबी द्वारा यहां पर ट्रेनिंग सेंटर खोला जाना है। ऐसे में यह प्रोजेक्ट पंचायत के हाथों से फिसल सकता है। इस उपरांत उन्होंने जिलाधीश के नाम एडीसी को भी कार्रवाई हेतु शिकायत सौंपी है। उन्होंने कहा कि अगर डेरा संचालक के खिलाफ विभाग ने 10 दिन के भीतर कार्रवाई नहीं की तो सारा गांव होशियारपुर-चंडीगढ़ मार्ग पर जाम लगाएगा और और इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। इस अवसर पर सतनाम सिंह बंटी, मनीष गुप्ता, विक्रम पटियाल एवं रणदीप सिंह भी मौजूद थे।
सरपंच जोगा सिंह ने कहा कि 10 दिन में कार्रवाई हुई तो सारा गांव होशियारपुर-चंडीगढ़ मार्ग पर जाम लगाएगा। -भास्कर