सभी वैद्यों ने एक-एक बच्ची को पढ़ाने का जिम्मा उठाया
भास्कर संवाददाता | होशियारपुर
जिला वैद्य मंडल होशियारपुर की मासिक बैठक प्रधान विनोद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में बैंक बाजार स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में हुई। इस दौरान वात रोगों पर चर्चा की गई।
वैद्य राजेश जैन दर्शन लाल सोहल ने अपने विचार रखे। वैद्य जोगिंदर सिंह आनंदपुर साहिब वालों ने वात से उत्पन्न गठिए के रोग पर चर्चा की। वैद्य मुल्ख राज ने वात रोगों पर प्रयोग होने वाले नुस्खे बताए। वैद्य कृष्ण गोपाल नारज वैद्य जसवीर सिंह सौंद ने सभी नुस्खों का विश्लेषण भी किया अपनी ओर से चर्चा की। वैद्य मनजीत कौर संधर ने हरड़ के उपयोगों के बारे में चर्चा की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सिविल सर्जन कार्यालय से जिला परिवार भलाई अधिकारी डा. चुन्नी लाल काजल विशेष तौर से उपस्थित हुए। उन्होंने बेटी-बचाओ, बेटी-पढ़ाओ अभियान में जिला वैद्य मंडल प्रधान विनोद कुमार शर्मा के सहयोग की सराहना की। इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए सभी सदस्यों को एक गरीब लड़की को अपनाकर उसकी पढ़ाई का खर्चा उठाने को कहा ताकि हम सब लक्ष्य की तरफ आगे बढ़ सकें। इस पर बैठक में मौजूद 26 वैद्यों ने एक-एक लड़की को अपनाने का प्रण लिया। सचिव तरसेम सिंह संधर ने वैद्यों की सराहना करते हुए कहा कि जिला वैद्य मंडल का प्रत्येक सदस्य ऐसे प्रोग्रामों को सफल बनाने के लिए तत्पर रहता है। इस अवसर पर वैद्य सोम प्रकाश, राजिंदर गुप्ता, गोपाल कृष्ण शर्मा इत्यादि द्वारा डा. चुन्नी लाल काजल को सम्मानित किया गया।
बैठक में डा. चुन्नी लाल काजल को सम्मानित किया गया। -भास्कर