बंगलादेश को अगले माह भेजे जाएंगे 40 एलएचबी : निबारिया
बंगलादेशरेलवेको निर्यात के लिए स्टेनलेस स्टील डिब्बों का निर्माण कार्य रेल कोच फैक्टरी, कपूरथला में प्रगति पर है। 120 एलएच बी (ब्रॉड गेज) कोचों के इस निर्यात ऑर्डर में 17 एसी फर्स्ट स्लीपर, 17 एसी चेयर कार पेंट्री के साथ, 34 नॉन एसी चेयर कार, 33 नॉन एसी चेयर कार प्रार्थना कक्ष के साथ और 19 पावर कार शामिल हैं
यह भारतीय रेल का पहला और सबसे बड़ा एलएचबी डिब्बों का निर्यात आदेश है और इसके लिए भारतीय रेल ने आरसीएफ कपूरथला को इनके निर्माण के लिए कहा है आरसीएफ ने निर्यात बाजार में विशेष ख्याति अर्जित की है और इससे पहले दक्षिण पूर्व एशियाई और अफ्रीकी देशों को मीटर गेज के डिब्बे बनाकर निर्यात किए हैं इसके अतिरिक्त वियतनाम को मीटर गेज डिब्बों की बोगियां भी आरसीएफ ने बनाकर निर्यात की थी। यह निर्यात आदेश राइट्स लिमिटेड जोकि रेल मंत्रालय के अधीन एक सार्वजनिक क्षेत्र का उपक्रम (पीएयू) है के माध्यम से आर सी एफ को प्राप्त हुआ है। राइट्स लिमिटेड और बंगलादेश रेलवे के बीच 21 जनवरी 2015 को अनुबंध होने पर इन डिब्बों की आपूर्ति के लिए 30 सितंबर 2015 को राइट्स लिमिटेड और आरसीएफ के बीच अनुबंध किया गया था। इन डिब्बों को बंगलादेश रेलवे की यात्रा आवश्यकता के अनुसार बनाया जा रहा है तथा इन डिब्बों के निर्माण में नवीनतम टैक्नोलॉजी के प्रयोग के अलावा मनभावन अंदरूनी साज सजा और आराम पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन डिब्बों की कलर स्कीम, भी बंगलादेश रेलवे द्वारा दिए गए सुझाव के अनुसार दी गई है।
गत माह बंगलादेश रेलवे से एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने फिरोज सलाह-उद-दीन कार्यभारी सचिव बंगलादेश रेलवे, और बंगलादेश मंत्रालय के अन्य शीर्ष अधिकारियों के साथ डिब्बों की आपूर्ति की प्रथम खेप के निरीक्षण के लिए आरसीएफ कपूरथला का दौरा किया था। प्रतिनिधि मंडल डिब्बों की निर्माण प्रक्रिया से संतुष्ट थे और बंगलादेश रेलवे पर इन डिब्बों के चलने के बारे में बहुत उत्साहित थे।
इन डिब्बों के निर्माण में आर सीएफके महाप्रबंधक आरपी निबारिया व्यक्तिगत रूप से रूचि ले रहें हैं। वह अगले महीने के अंत तक 40 डिब्बों की पहली खेप की आपूर्ति को लेकर आशावादी हैं शेष डिब्बों का निर्माण अगले वित्त वर्ष में पूर्ण किया जाएगा।
आरसीएफ में तैयार किए जा रहे स्टेनलेस स्टील के रेल डिब्बे।