- Hindi News
- डिलीवरी के दौरान मौतों को रोकने को एक्शन उठाए जाएंगे: डीसी
डिलीवरी के दौरान मौतों को रोकने को एक्शन उठाए जाएंगे: डीसी
राष्ट्रीयस्वास्थमिशन के तहत अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए मिली ग्रांटों का सही और समय पर इस्तेमाल किया जाए। यह जानकारी डीसी दलजीत सिंह मांगट ने योजना भवन में जिला स्वास्थ्य सोसायटी की बैठक में दी। उन्होंने कहा कि पंजाब में प्रसव के दौरान 1 लाख गर्भवती महिलाओं के पीछे 155 मौतें होती है। जिला कपूरथला में 1 लाख के पीछे मौतों की दर केवल एक सौ है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग कपूरथला की ओर से इस संबंधी प्रभावी कदम उठाने की जरूरत हैं। सभी गर्भवती महिला का प्रसव स्वास्थ्य संस्थाओं में करवाना यकीनी बनाया जाए ताकि प्रसव के दौरान जच्चा और बच्चा की जान को बचाया जा सके। बैठक के दौरान जननी सुरक्षा योजना और जननी शिशु सुरक्षा स्कीम का जायजा भी लिया गया। जननी सुरक्षा स्कीम के तहत सरकारी स्वास्थ संस्थाओं में मां आैर बच्चे को मुफ्त दवाइयां और मुफ्त पौष्टिक खुराक मुहैया करवाई जाती है। हर महीने लगभग 300 लाभपात्रियों को स्कीम का लाभ दिया जा रहा है। इस बैठक में फैमिली प्लानिंग, प्रसव दौरान होने वाली मौतें छोटे बच्चों की मौतों संबंधी भी रिव्यू किया गया।
सिविल सर्जन डा बलबीर सिंह ने बताया कि स्वास्थ विभाग की ओर से प्रवासी मजदूरो के 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो बीमारी से बचाने के लिए विशेष मुहिम 21,22 23 सितंबर को चलाई जा रही है। जिसके तहत जिले में 13024 बच्चों को पोलियो की दवाई की बूंदें पिलाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि इस स्कीम तहत स्वास्थ विभाग की टीमों का गठन कर दिया गया है जोकि झुग्गियों, झोपड़ी, भट्ठा, निर्माण अधीन इमारतों स्लम एरिया में जा कर पोलियो रोधी बूंदें पिलाएंगे। इस अवसर पर एडीसी जनरल कुलदीप सिंह चंदी, एडीसी विकास मोहम्मद इकबाल भट्टी, सिविल सर्जन डा बलबीर सिंह, जिला विकास पंचायत अधिकारी कपूरथला बलजीत सिंह, जिला स्वास्थ अधिकारी कपूरथला डा गुरइकबाल सिंह आदि मौजूद थे।
जिला स्वास्थ सोसायटी की बैठक को संबोधित करते हुए डीसी दलजीत सिंह मांगट