श्री सनातन धर्म महा सम्मेलन आज से
श्रीसनातन धर्मसभा आरसीएफ की ओर से तीन दिवसीय श्री सनातन धर्म महा सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी श्री निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज का सोमवार 22 सितंबर को रेल कोच फैक्ट्री में आगमन होगा। उनके आगमन पर तीन दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें महाराज श्री के मुखारबिंद से जीवन में धर्म, योग, राष्ट्र एवं समाज के संदर्भ में मार्गदर्शन प्राप्त होगा। 22 सितंबर को आरसीएफ के वारिस शाह हाल में शाम 6 से 8 बजे तक विचार गोष्ठी एवं धर्म चर्चा का आयोजन किया जाएगा।
23 सितंबर को आरसीएफ के श्री रामलीला मैदान में शाम 6 से 8 बजे राष्ट्र रक्षा एवं धार्मिक प्रवचन किए जाएंगे। 24 सितंबर को आरसीएफ हाल्ट स्थित श्री शिव मंदिर प्रात: 11 से 12 बजे तक श्री हरि संकीर्तन का आयोजन होगा। श्री गोवर्धन पूरी के 145वें और वर्तमान शंकराचार्य परम पूजनीय स्वामी निश्चलानंद जी महाराज ने अब तक 120 आलौकिक ग्रंथों की रचना की है जिनमें से 10 ग्रंथ गणित पर ही आधारित है। महाराज श्री से आज तक आधुनिक युग में विश्व के सर्वोच्च संवैधानिक संगठनों संयुक्त राष्ट्र संघ और विश्व बैंक आदि ने लिखित मार्गदर्शन प्राप्त किया। इसके अलावा 200 देशो में उनके वैज्ञानिकों द्वारा मोबाईल और कंप्यूटर से लेकर अंतरिक्ष क्षेत्र मे किए गए अविष्कारों में उन सिद्धांतो को प्रयोग किया गया है।