मंदिर कमेटी ने 20 साल में 2100 महिलाओं को बनाया आत्मनिर्भर
श्रीसत्यनारायण मंदिर कमेटी शहर के लोगों को धार्मिक रंग मे रंगने के साथ-साथ मानवता को समर्पित है। मंदिर परिसर में पिछले 20 वर्षों से चल रहा नि:शुल्क सिलाई सेंटर गरीब लड़कियों और महिलाओं को प्रशिक्षित कर आत्मनिर्भर बना रहा है। अब तक करीब 2100 जरूरतमंद महिलाएं प्रशिक्षित हासिल कर अपनी रोजी रोटी कमा रही हैं।
कमेटी की ओर से समय-समय पर विश्वशांति के लिए कई बड़े धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा चुका है। इसी श्रृंखला के तहत मंदिर कमेटी 28 फरवरी को सैनिक स्कूल कपूरथला में मां के 10 पावन ज्योति स्वरूपों की हजूरी में 5100 श्री दुर्गा स्तुति पाठ का आयोजन कर रही है। मंदिर परिसर में प्रतिदिन लंगर लगा कर गरीबों के खाने का प्रबंध किया जाता है।
महासचिव नरेश कुमार ने बताया कि मंदिर का श्रीगणेश 70 वर्ष पूर्व ब्रह्मऋषि स्वर्गीय तिलक राज शर्मा और डॉ. भगवान दास ने कराया था।
कमेटी फिर कराएगी 5100 श्री दुर्गा पाठ का आयोजन
28फरवरी को मंदिर कमेटी 5100 श्री दुर्गा पाठ का आयोजन करने जा रही है , जिसमें मां के 9 स्वरूपों मां वैष्णो देवी, मां महाकाली, मां ज्वाला देवी, मां चामुंडा देवी, मां कांगड़ा देवी, मां बगला मुखी, मां मनसा देवी, मां नैना देवी, मां शीतला देवी की हजूरी में 19 फरवरी को शोभा यात्रा जालंधर के श्री देवी तलाब मंदिर से कपूरथला सत्या नारायन मंदिर पहुंचेगी। इससे पहले भी मंदिर कमेटी वर्ष 2011 में 5100 श्री दुर्गा पाठ, वर्ष 2005 में 3100 श्री दुर्गा पाठ, वर्ष 2000 में 2100 श्री दुर्गा पाठ तथा वर्ष 1994 में 1008 श्री दुर्गा पाठ का आयोजन किया था।
मंदिर का श्रीगणेश 70 वर्ष पूर्व स्वर्गीय तिलक राज शर्मा और डॉ. भगवान दास ने सहयोगियों संग करवाया था।
27 वर्ष पहले स्वर्गीय डॉ. पुष्पा धीर के संचालन में श्री मुकंद हरि धर्मार्थ औषधालय का निर्माण कर मंदिर कमेटी शहरवासियों का फ्री चैकअप कर दवाइयां दे रही है। अब डॉ. पुष्पा धीर के देहांत के बाद इसकी बागडोर रिटार्यड सिविल सर्जन डॉ. रजिन्दर भोला संभाल रहे हैं। इस डिस्पेंसरी में प्रतिदिन 250-300 की ओपीडी है। इस डिस्पेंसरी में शहर के मशहूर डाक्टर डॉ. शरणजीत सिंह, डॉ. रणवीर कौशल, डॉ. मनजीत कौर, डॉ. हरजीत सिंह बत्तरा, डॉ. एसएस गिल, डॉ. बधवा तथा डॉ. राज कुमार अपनी निशुल्क सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।