- Hindi News
- छात्रों ने कक्षाओं का किया बहिष्कार, रोष
छात्रों ने कक्षाओं का किया बहिष्कार, रोष
भास्कर न्यूज | संगरूर/मालेरकोटला/सुनाम
पंजाबस्टूडेंट्स यूनियन द्वारा मांगों को लेकर बुधवार को रणबीर कॉलेज डाइट में हड़ताल करके सरकार के विरुद्ध प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने कक्षाओं का बहिष्कार किया। बहिष्कार के कारण पूरा दिन कॉलेज में शिक्षा ठप रही। पीएसयू ने छात्रों की सुविधाओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया। मौके पर जिला प्रधान कुलविंदर सेखा जिला नेता अमन बिजलपुर ने कहा कि पंजाब सरकार निजीकरण की नीति के तहत छात्रों से शिक्षा का हक छीन रही है।
एक तरफ तो सरकार सर्व शिक्षा अभियान, रमसा नन्ही छांव का ड्रामा कर रही है जबकि दूसरी तरफ निजीकरण की नीति के तहत एडिड कॉलेजों की ग्रांटें रोक रही है। जिस कारण कॉलेज मैनेजमेंट शिक्षा का खर्च छात्रों पर लाद रही है। छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि निजी ट्रांसपोर्टरों की लूट को तेज करने के लिए सरकार छात्रों से बस पास की सुविधा छीन रही है। सरकार ने फीसों में भी अथाह इजाफा किया है। जिस कारण बड़ी संख्या में छात्र शिक्षा छोड़ने को मजबूर हैं।
संगरूर में बुधवार को कक्षाओं का बाहिष्कार कर नारेबाजी करते छात्र।
मालेरकोटला और सुनाम में भी किया प्रदर्शन
मालेरकोटलाके सरकारी कॉलेज में भी हड़ताल की गई। सुनाम के शहीद ऊधम सिंह सरकारी कॉलेज में भी पंजाब स्टूडेंट्स यूनियन ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करके रोष प्रदर्शन किया। यूनियन नेताओं ने मांग की कि फीसों में की जा रही बढ़ोतरी को तुरंत वापिस लिया जाए। छात्रों पर दर्ज किए मामले रद्द किए जाएं। छात्रों ने कहा कि एक साजिश के तहत गरीब वर्ग को शिक्षा से दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। पीएसयू ऐसा किसी भी कीमत पर नहीं होने देगी। मौके पर शंकर बदरा, कमल सिंह, बलवीर कौर, हरविंदर सिंह, जसवीर कौर, शबीना, मनप्रीत सिंह आदि हाजिर थे।