काला पीलिया का भी हो मुफ्त इलाज
कैंसरकी नामुराद बीमारी से मालवा के गांवों और शहरों में बड़े स्तर पर पैर पसार लेने के बाद अब काला पीलिया के मरीजों की संख्या में भी तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। इसका इलाज महंगा होने से बड़े स्तर पर लोग मौत के मुंह में जा रहे हैं।
इसलिए सरकार को चाहिए कि कैंसर के इलाज की तरह काला पीलिया के लिए भी कैश लेस स्कीम शुरू की जाए और हर मरीज को मुफ्त इलाज मुहैया करवाए जाए। इस बारे में 17 दिसंबर को सुबह 11 बजे जिले की समूह समाजसेवी संस्थाओं की ओर से डीसी को पंजाब सरकार के नाम पर मांग-पत्र सौंपकर काला पीलिया के कैश लेस इलाज की मांग की जाएगी। रुरल एनजीओ मोगा के महासचिव गोकुल चंद बुघीपुरा ने बताया कि भाई कन्हैया रोको कैंसर सेवा सोसायटी फरीदकोट की ओर से इस बारे में सरकार को मांग पत्र पिछले समय के दौरान सौंपे गए हैं।
अब यह मांग पूरे मालवा में जोर पकड़ने लग गई है। हर जिले में समाजसेवी संस्थाएं इस बीमारी की भयानकता को देखते हुए सरकार से इस बीमारी के कैश लेस इलाज की मांग कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष के दौरान कैंसर मरीजों की सहायता के लिए आए 20 करोड़ रुपए अधिकारियों की लापरवाही के कारण वापस कर दिए गए। जबकि कैंसर मरीजों के परिवार इलाज के लिए अपना घर, जमीन जायदाद बेचकर इलाज करवाने को मजबूर है। उन्होंने गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कालेज फरीदकोट के प्रबंधकों के कैंसर मरीजों के प्रति अपनाए जा रहे रवैये की निंदा करते हुए कहा कि अस्पताल प्रशासन सरकार को लोगों की सेहत समस्याओं के प्रति गंभीरता दिखाते हुए जरूरतमंद लोगों को बनते लाभ देने चाहिए। उन्होंने मोगा जिले की समूह समाज सेवी संस्थाओं के सदस्यों को 17 दिसंबर को सुबह 11 बजे जिला प्रबंधकीय काम्पलेक्स पहुंचने की अपील की। (शिवा)