- Hindi News
- एनआरआई महिला के घर में घुसकर की तोड़फोड़, हमलावरों ने किए हवाई फायर
एनआरआई महिला के घर में घुसकर की तोड़फोड़, हमलावरों ने किए हवाई फायर
गांवराउंके कलां में घर के बंटवारे को लेकर एनआरआई महिला के एनआरआई जेठ और भतीजे ने अपने 8 साथियों से मिलकर महिला के घर के अंदर पड़े सामान की तोड़फोड़ करने से साथ हवाई फायर कर फरार हो गए। पुलिस ने महिला के जेठ समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद 8 लोगों को काबू कर लिया है।
थाना बंधनी कला के एएसआई सेवक सिंह ने बताया कि एनआरआई महिला अमरजीत कौर निवासी राउंके कलां हाल आबाद कनाडा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह अपने परिवार समेत कनाडा में रहती है। करीब तीन महीने पहले ही वह अकेली अपने गांव आई हुई थीं। उसने कहा कि उसका जेठ काबल सिंह, भतीजा जसवीर सिंह भी कनाडा रहते हैं और वह दोनों दो महीने से अपने गांव आए हुए हैं। उसने कहा कि उसका घर के बंटवारे को लेकर अपने जेठ काबल सिंह और भतीजे जसवीर सिंह के साथ झगड़ा चल रहा है।
उसने इसकी शिकायत थाना एनआरआई में दी हुई हैं, जिसकी जांच चल रही है। अमरजीत कौर ने कहा कि 25 सितंबर की देर रात को उसका जेठ काबल सिंह, भतीजा जसवीर सिंह अपने अन्य साथी जसवंत सिंह, हरमेल सिंह, सन्नी निवासी गांव सवधी कलां(जगराओ), रंजीत सिंह निवासी गांव बरसाल (जगराओ), परविंदर सिंह निवासी गांव संगतपुरा ढैपी (लुधियाना), सुखपाल सिंह निवासी गांव खारा (फरीदकोट) , मनप्रीत सिंह निवासी ढैपी (फरीदकोट)व बलजीत सिंह निवासी ढोलेवाला के साथ मिलकर उसके घर में घुस आए। उनके हाथों में तेजधार हथियार थे। वह जबरन घर की दीवार गिराने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो उनके साथी जसवंत सिंह ने 12 बोर गन से 7-8 हवाई फायर कर दिए और घर में पड़े सामान की तोडफ़ोड़ कर दी।
जब उसने शोर मचाया तो सभी लोग हथियारों समेत मौके से फरार हो गए। एनआरआई महिला ने इस घटना की सूचना थाना बंधनी कलां की पुलिस से की। एएसआई सेवक सिंह ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत पर 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद एनआरआई बाप बेटे समेत 8 लोगो को काबू किया हैं। जबकि मनप्रीत सिंह बलजीत सिंह फरार है। (गुलाटी)