- Hindi News
- अदालत ने अभी मंजूरी दी नहीं, पुलिस ने खुद की जांच और खुद ही बताया झूठा
अदालत ने अभी मंजूरी दी नहीं, पुलिस ने खुद की जांच और खुद ही बताया झूठा
बाघापुरानाकी चौकी नत्थूवाला गर्बी में डेढ़ साल पहले मिले नशे के मामले को पुलिस ने खुद ही झूठा करार दे दिया है जबकि पुलिस इस मामले की दोबारा जांच के लिए अदालत में अर्जी लगा चुकी है, जिस पर अदालत ने अभी कोई फैसला नहीं सुनाया है। यह आपराधिक मामला पुलिस के एक एएसआई समेत पांच पुलिस मुलाजिमों के खिलाफ दर्ज हुआ था। पुलिस इस मामले में पहले ही मौत के बाद एक पुलिस कर्मचारी को क्लीन चिट दे चुकी है।
जानकारी के अनुसार थाना बाघापुराना में पुलिस चौकी नत्थूवाला गर्बी से 6 सितंबर 2013 को पौने दो क्विंटल भुक्की, 66 बोतल अंग्रेजी शराब और पचास हजार के करीब नकदी बरामद की थी। इसे लेकर तत्कालीन एसएसपी कमलजीत सिंह ढिल्लों ने बाकायदा पत्रकारवार्ता की थी और इसे पुलिस की पारदर्शिता और नशे के खिलाफ की प्रभावी कार्रवाई बताया था।
पुलिस ने इस मामले में चौकी के प्रभारी एएसआई जरनैल सिंह, मुंशी जसबीर सिंह को मौके से गिरफ्तार कर उनके दो अन्य साथियों दविंदर सिंह और एक अन्य साथी के खिलाफ आपराधिक मामला भी दर्ज किया था। इस पर पुलिस ने तय समय के भीतर आरोपपत्र दायर नहीं किया तो अदालत ने सभी को जमानत पर रिहा कर दिया था। इसके बाद हवलदार दविंदर सिंह की मौत के बाद उसे इस मामले में क्लीन चिट दे दी थी।
पुलिस ने दो महीने पहले ही इस मामले की दोबारा जांच के लिए मंजूरी मांगी थी। मगर इस मामले के जांच अधिकारी और तब थाना बाघापुराना के प्रभारी अमरजीत सिंह ने इस मामले की दोबारा जांच की मंजूरी ना देने के लिए अदालत में अपील की थी और इस मामले में अदालत ने कोई आदेश नहीं दिए हैं और मामले की सुनवाई 5 मार्च तय की है।
इस दौरान ही पुलिस ने एसपी डी एचएस पन्नू की ओर से की गई जांच में इस मामले को झूठा करार दिया गया है। एसपी डी की अोर से दी गई रिपोर्ट पर एसएसपी ने भी सहमति दे दी है और इसे आगे डीआईजी के पास भी भेज दिया है।
इस मामले में एसएसपी जतिंदर सिंह खैहरा का कहना है कि इसके लिए स्पेशल इनवेस्टीगेशन टीम बनाई गई थी, जिसमें एसपी डी समेत कुछ अन्य अधिकारी भी शामिल थे। इनकी रिपोर्ट में यह पाया गया है। इस संबंधी ज्यादा जानकारी नहीं दी जा सकती है।
डीआईजी के पास पहुंचा दी है रिपोर्ट अदालत में चल रहा केस, 5 मार्च को होगी मामले की अगली सुनवाई