- Hindi News
- कन्या के चरण धो करे मां का पूजन: पं. गौतम
कन्या के चरण धो करे मां का पूजन: पं. गौतम
अश्विनशुक्ल प्रतिपदा से नवमी तिथि तक नवरात्र व्रत होता है। इन नवरात्रों में शक्ति की उपासना करनी विशेष लाभदायी है। श्री सनातन धर्म मंदिर के पुजारी पं. पवन गौतम ने बतलाया कि दुर्गा पूजन करने वालों को प्रतिपदा से प्रारंभ करके प्रतिदिन व्रत करना चाहिए। सर्वप्रथम पूजन स्थान को शुद्ध करके भगवती की प्रतिमा को विराजमान करना चाहिए।
विद्वान, ब्राह्मण की ओर से वैदिक मर्यादा के अनुसार गणेश पूजन, नवग्रह पूजन एवं कलश स्थापना करके महाकाली, महालक्ष्मी, महा सरस्वती का पूजन करने के बाद दुर्गा सप्तशती अथवा दुर्गा स्तुति का पाठ किसी योग्य ब्राह्मण द्वारा अथवा स्वयं करना चाहिए। संभव हो सकें तो प्रतिदिन कुमारी कन्या के चरण धोकर देवी रूप में उसका पूजन करना चाहिए। इससे लक्ष्मी की प्राप्ति, कार्यों में सफलता, विरोधियों की पराजय, विद्यार्थियों को विद्या में लाभ प्राप्त होता है। पंडित गौतम ने कहा कि एक साल के कम एवं 10 साल से अधिक आयु की कन्या का पूजन नहीं करना चाहिए।
अष्टमी अथवा नवमी को हलवे का प्रसाद, चने, चूड़ी, चुनरी आदि से कन्याओं का पूजन करने पर भगवती की कृपा से समस्त कार्यों पर सफलता प्राप्त होती है।(शिवा)