एसएसए/रमसा अध्यापक 12 मार्च को बठिंडा में करेंगे झंडा मार्च
मोगा| एसएसए/रमसाअध्यापक यूनियन की ओर से 12 मार्च को बठिंडा में झंडा मार्च कर प्रदेश सरकार की लोक मारू और अध्यापक विरोधी नीतियों को उजागर किया जाएगा। यह फैसला प्रदेश अध्यक्ष दीदार सिंह मुदकी और प्रदेश महासचिव हरजीत सिंह जीदा की अगुवाई में यूनियन की प्रदेश स्तरीय हुई बैठक में लिया गया। बैठक में दीदार सिंह ने बताया कि 14,000 एसएसए रमसा अध्यापक 7 सालों से पंजाब के सरकारी स्कूलों में ठेका आधारित अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पंजाब में 3 सालों के बाद ठेका आधारित कर्मचारियों को विभाग में रेगुलर करने की नीति होने के बावजूद भी एसएसए/रमसा अध्यापक पंजाब सरकार की धक्केशाही शोषण का लगातार शिकार हो रहे हैं। महासचिव हरजीत सिंह ने बताया कि सरकार की ओर से रमसा अध्यापकों के वेतन में बड़े स्तर पर कटौती की गई है। रमसा के तहत कार्य करते लैब अटेंडेंटों को 10 महीने से वेतन जारी नहीं किया है। दूसरी ओर अध्यापकों की मांगों के मामले हल नहीं कर उनको मानसिक तौर पर परेशान कर रही है। इस अवसर पर जजपाल बाजेके, सुखजिंदर सिंह, राजवीर सिंह, अमनदीप सिंह, अपर पार सिंह, कुलविंदर, गुरप्रीत, जगसीर सिंह, अमरिंदर, सुखविंदर सिंह सहित अध्यापक नेता उपस्थित थे।