हरियाणा को जाने वाले रास्ते सील
शनिवार को गांव मनियाणा के लोगों ने धरना देकर हरियाणा बाॅर्डर को जाम रखा।
भास्कर न्यूज | मूनक (संगरूर)
गांवमनियाणा में बंद पड़ी बिजली सप्लाई को चालू करवाने की मांग को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने हरियाणा बॉर्डर को जाने वाले सभी रास्ते सील कर दिए। बता दें कि शुक्रवार को ग्रामीणों ने बिजली कार्यालय के सामने पांच घंटे तक धरना दिया था परंतु बिजली सप्लाई चालू नहीं की गई थी। पावरकॉम विभाग का कहना है कि गांव में बिजली चोरी को रोकने के लिए घरों के बिजली मीटर बाहर निकाले जाने हैं परंतु गांववासी सहयोग नहीं कर रहे हैं। जिस कारण बिजली सप्लाई काटी गई है।
दरअसल, विभाग द्वारा पिछले दिनों गांव में घरों के बिजली मीटर बाहर निकालने का काम शुरू किया ही गया था कि गांववासियों ने इसका जोरदार विरोध किया। जिस कारण मीटर बाहर निकालने का काम बंद कर दिया गया था। 11 सितंबर को विभाग ने गांव की बिजली सप्लाई बंद कर दी।
धरने पर बैठे नाजर सिंह, दर्शन सिंह, मंगत सिंह, जसविंदर सिंह आदि ने बताया कि बिना बिजली के जीना मुश्किल हो चला है। लोगों को पीने के लिए पानी तक नसीब नहीं हो रहा है। उन्होंने साफ किया कि जब तक गांव की बिजली सप्लाई चालू नहीं होती तब तक हरियाणा को जाने वाले सभी रास्तों पर धरने जारी रहेंगे। इस संबंधी पावरकॉम के निगरान इंजीनियर डीपीएस ग्रेवाल का कहना है कि इलाके में 60 फीसदी से अधिक बिजली चोरी हो रही है। जब तक गांववासी घरों से बिजली मीटर बाहर निकालने में सहयोग नहीं देते तब तक बिजली सप्लाई बंद रहेगी। पूरा मामला उच्च अधिकारियों के ध्यान में है। (वरिंदर)