नाममात्र मुआवजे से सरकार ने मजाक उड़ाया : सुलखन जग्गी
भास्कर संवाददाता | मुकेरियां
आमआदमी पार्टी की परिवार जोड़ो मुहिम को लोगों का समर्थन मिल रहा है। पंजाब की जनता गठबंधन की भ्रष्ट सरकार से मुक्ति पाना चाहती है। यह बातें मुकेरियां आप के इंचार्ज सुलखन सिंह जग्गी ने गांव जहानपुर मंझपुर में कार्यकर्ताओं के साथ की मीटिंग में कहीं। उन्होंने कहा कि पंजाब में अधिकतर लोगों का मुख्य धंधा खेतीबाड़ी है और उस पर 69355 करोड़ रुपए का कर्ज है जो कि प्रति एकड़ सवा लाख से अधिक बनता है। यह पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला के ताजा सर्वेक्षण के अनुसार है। उन्होंने कहा कि पहले कांग्रेस और अब अकाली-भाजपा गठबंधन वाली केंद्र सरकार द्वारा डॉ स्वामीनाथन की सिफारिश को लागू नहीं किया जा रहा। दिल्ली में आप सरकार ने कुदरती आफत के कारण खराब हुई किसानों की गेंहूं की फसल का 20 हजार रुपए प्रति एकड़ मुजावजा बांटा। इतनी बड़ी राहत किसानों को कभी नहीं दी गई थी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने नाममात्र मुआवजा देकर किसानों का मजाक उड़ाया। उन्होंने कहा कि मुकेरियां में परिवार जोड़ो मुहिम को समर्थन मिल रहा है और 219 परिवार आप पार्टी में शामिल हुए हैं। इस मौके जगन्नाथ सिंह, राजिंदर सिंह लोहगढ़, बलदेव कृष्ण, गुरबचन सिंह, सुखविंदर सिंह, बख्तावर सिंह, केसर सिंह, रविंदर सिंह आदि उपस्थित थे।
पंजाब सरकार की किसान विरोधी नीतियों के बारे में बताते ‘आप’ के कार्यकर्ता।