सभी की अंतरात्मा दिव्य होती है: साध्वी
दिव्यज्योतिजाग्रति संस्थान ने श्री सनातन धर्म सभा मंदिर, सदर बाजार में दो दिवसीय सुंदर कांड प्रोग्राम आयोजित किया है। प्रवचन करते हुए साध्वी जगदीपा भारती ने कहा कि हर व्यक्ति की अंतरात्मा पवित्र और दिव्य होती है। यहां तक कि दुष्ट से दुष्ट मनुष्य को भी आवश्यकता केवल इस बात की है कि उसके विकार ग्रस्त मन का परिचय उसके इस सच्चे, विशुद्ध आत्मस्वरूप से कराया जाए।
यह परिचय बाहरी साधनों से संभव नहीं है। केवल ब्रह्मज्ञान की प्रदीप्त अग्नि ही व्यक्ति के हर पहलू को प्रकाशित कर सकती है। ब्रह्मज्ञान प्राप्त करने के बाद साधना करने से आपकी सांसारिक जिम्मेदारियां दिव्य कर्मों में बदल जाती हैं। आपके व्यक्तित्व का अंधकारमय पक्ष दूर होने लगता है। विचारों में सकारात्मक परिवर्तन आने लगता है और नकारात्मक प्रवृत्तियां दूर होती जाती है। उन्होंने कहा कि सभी को प्रभु की भक्ति सच्चे मन से करनी चाहिए।
श्री सनातन धर्म सभा मंदिर में कथा सुनातीं साध्वी जगदीपा भारती और कथा सुनते भक्त।