एनएफएल और ट्रक ऑपरेटरों में पांच घंटे मीटिंग
एनएफएल मैनेजमेंट और ट्रक ऑपरेटरों में चल विवाद खत्म नहीं होर हा है। इसके हल के लिए शनिवार देर रात को सतलुज सदन में सांसद प्रेम सिंह चंदूमाजरा और कैबिनेट मंत्री मदनमोहन मित्तल ने एनएफएल अफसरों और ट्रक यूनियन नेताओं से करीब पांच घंटे बैठक की पर हल नहीं निकला।
ट्रक यूनियन के लोग खाद का कोटा बढ़ाए जाने को लेकर अड़े रहे, जबकि, एनएफएल प्रबंधन ढुलाई रेट घटाने की मांग पर। इसी कारण कोई भी नतीजा नहीं निकल सका। इससे गतिरोध जारी है। इसके चलते ट्रक यूनियन के लोग सातवें दिन भी धरने पर रहे। इससे पहले सांसद चंदूमाजरा शनिवार शाम को मान्यता प्राप्त कर्मचारी संगठन मजदूर दल बीएमएस नेताओं से एनएफएल के उद्यान रेस्ट हाउस में मिले। उसके बाद वहीं पर उन्होंने एनएफएल के जनरल मैनेजर इंचार्ज अमन कुमार और अन्य अधिकारियों से बात कर स्थिति का जायजा लिया। शाम साढ़े 6 बजे सांसद सतलुज सदन मदन मोहन मित्तल से मिले, वहीं उन्होंने ट्रक यूनियन के लोगों की मांगें सुनी। उन्होंने एनएफएल अधिकारियों को वहीं बुला लिया। 5 घंटे बैठक चली, पर बेनतीजा रही। सांसद प्रो. चंदूमाजरा ने बताया कि 17 फरवरी को वह केंद्रीय उर्वरक एवं रसायन मंत्री अनन्त कुमार से मिलकर सारी स्थिति को रखा जाएगा। बैठक में चीफ पर्सनल अधिकारी रेनू आरपी सिंह, एनएफयू नेता अरविंद मित्तल, ट्रक यूनियन प्रधान सुनील पुरी सहित अन्य उपस्थित थे।
नंगल | एनएफईयूऔर इंटक के शिष्टमंडल ने एनएफएल में चल रहे गतिरोध को खत्म करवाने की मांग को लेकरल सांसद प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा को मांगपत्र दिया। उन्होंने मांग की कि सांसद मामले को हल करवाएंं। उन्होंने कहा कि ट्रक यूनियन का रेलवे ट्रैक पर धरना गलत है। इससे प्रदेश में यूरिया की सप्लाई बाधित है। इकाई बंद होने से उत्पादन रुका है। इसका सीधा असर कर्मियों पर भी पड़ेगा। इस मौके पर प्रधान सुमन कुमार, कुलविन्द्र सिंह, गुरदेव बिल्ला, अश्वनी कुमार, राकेश कुल्लू, सतिन्द्र सिंह, सतिन्द्र सिंह, अमरजीत सिंह, आदि मौजूद थे।
एनएफएल यूनियन कर्मचारी रेल ट्रैक रोककर बैठे ट्रक ऑपरेटरों के खिलाफ सोमवार को गेट रैली करेंगे। प्रधान सुभाष पुरी ने बताया कि रैली शाम 5 बजे होगी। बता दें कि यूनियन ने ऑपरेटरों को अल्टीमेटम दिया हुआ है कि अगर ट्रक युनियन के लोग ट्रैक से उठे तो उन्हें खुद खदेड़ देंगे। उनकी इस धमकी को लेकर सोमवार को दोनों पक्षों के लोगों मेंं तनाव की स्थिति पैदा हो सकती है।
सतलुज सदन में बैठक के बाद एनएफएल अधिकारियों और ट्रक यूनियन नेताओं के साथ सांसद प्रो. चंदूमाजरा और कैबिनेट मंत्री मदन मोहन मित्तल।