पैंटाविलेंट टीका करेगा रोगों से बचाव
नथाना| डिप्टीडायरेक्टर कम सिविल सर्जन डॉ. तेजवंत सिंह के दिशा-निर्देशानुसार आशा वर्कर्स एवं आंगनबाड़ी वर्कर्स को पैंटाविलेंट टीके बारे में जानकारी देने के लिए एक दिवसीय वर्कशॉप लगाया गया। इस दौरान सीनियर मेडिकल अफसर डॉ. कुंदन कुमार ने बताया कि रूटीन टीकाकरण प्रोग्राम में अब पैंटाविलेंट टीका लगेगा। इसका एक ही टीका तीन बार लगाने पर बच्चे को पांच बीमारियों डिप्थीरिया(गलघोटू), काली खांसी, टेटनस, हेपेटाइटिस-बी एवं हिब से बचाव रहेगा। पैंटाविलेंट टीका से बच्चे को विभिन्न तरह के टीके लगाने की जरूरत भी नहीं रहेगी। ब्लॉक एजुकेटर रोहित जिंदल ने सेहत कर्मचारियों को कहा कि वे गांवों में जाकर ज्यादा से ज्यादा पैंटाविलेंट टीके के बारे में लोगों को जानकारी दें। उन्होंने बताया कि हिब का मतलब है हिमोफीलिया इनफ्लुएंजा बी कीटाणु जोकि बच्चों में निमोनिया और दिमागी झिल्लियों में सूजन पैदा कर देता है। इससे यह टीका बचाव करेगा। सेहतकर्मी राजविंदर सिंह ने बताया कि रूटीन टीकाकरण प्रोग्राम के जरिए एएनएम द्वारा बच्चों को हर बुधवार टीके लगाए जाते हैं। अब बच्चों को पैंटाविलेंट टीका भी लगाया जाएगा।