कोड आफ कंडक्ट लागू
कांग्रेस के बल्लू-राणा गुट करीब आए
नगरकौंसिलचुनावों के मद्देनजर कांग्रेस में पूर्व प्रधान ललित मोहन पाठक उर्फ बल्लू को मनाने की कोशिशें जारी है। ललित मोहन पाठक बल्लू और राणा कुलदीप तथा समर्थकों के बीच शनिवार कुलाम रोड पर एक बैठक हुई, जिसमें यूथ कांग्रेस नेता अंगद सिंह और जोगिंदर छोकर भी मौजूद रहे।
दोनों पक्षों में विभिन्न वार्डों में उम्मीदवारों और अन्य मसलों को लेकर लंबी बातचीत हुई लेकिन फैसला नहीं हो पाया। बैठक अच्छे माहौल में हुई और अब इस मामले पर एक-दो दिन में अब अगली बैठक होने की उम्मीद है। बता दें कि नगर कौंसिल चुनावों से पहले कांग्रेस अपने घर को पूरी तरह मजबूत करके चलना चाहती है ताकि कौंसिल की सत्ता पर लगातार तीसरी बार कांग्रेस का परचम लहराया जा सके। कौंसिल के पूर्व प्रधान ललित मोहन पाठक बल्लू चाहते हैं कि उन्हें प्रधान पद का उम्मीदवार घोषित किया जाए, जबकि राणा कुलदीप अंगद सिंह अभी इस घोषणा से बच रहे हैं। सूत्रों के अनुसार ललित मोहन पाठक बल्लू पहले अपने लिए प्रधान पद की घोषणा के साथ साथ अपने समर्थकों के लिए तीन-चार टिकटें भी चाहते थे, जबकि दूसरा गुट उन्हें आठ नंबर से टिकट देने के अलावा और कुछ भी नहीं देना चाहता है। दोनों ही गुटों में दूरियां लगातार बढ़ रही थी लेकिन जोगिंदर छोकर की कोशिशों से दोनों ही गुटों के रूख में कुछ नरमी आई है। दोनों ही गुटों में बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है।
शनिवार को हुई बैठक में लंबी बातचीत हुई, एक दूसरे से गिले शिकवे भी दूर किए गए लेकिन बैठक किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। इस मामले में प्रदेश जनरल सेक्रेटरी कुलदीप राणा कहते हैं कि कांग्रेस में कोई भी नाराज नहीं हैं। ललित मोहन पाठक बल्लू पार्टी नेता हैं तथा शहर के चुनावों के मामले में उनके साथ चुनावी रणनीति पर विचार विमर्श किया गया है, इससे ज्यादा वह कुछ नहीं कह सकते। वहीं दूसरी ओर ललित मोहन पाठक बल्लू कहते हैं कि चुनावों के दौरान कई बैठकें होती हैं, लेकिन जब तक कुछ तय नहीं हो जाता, वह इसे मीडिया में नहीं बता सकते।
ललित मोहन कुलदीप राणा