डीसी ने फट्टी बस्ता चौक का किया मुआयना
शहरकेबेहद तंग और ट्रैफिक के लिए मुश्किल बन रहे फट्टी बस्ता चौक को खुला करने के लिए जिला प्रशासन ने मुहिम तेज कर दी है। सोमवार को डिप्टी कमिश्नर रविंदर सिंह और एसडीएम जीवन जगजोत ने केसी ग्रुप के चेयरमैन प्रेम पाल गांधी के साथ इस चौक का मुआयना किया।
प्रेम पाल गांधी के साथ जिन दुकानों को हटाए जाने की बात हुई है, उन दुकानदारों से मुलाकात भी की गई। बता दें कि ओल्ड कोर्ट रोड से राहों की तरफ जाने वाली सड़क की चौड़ाई फट्टी बस्ता चौक के पास कम हो जाती है। मोड़ पर राहों की तरफ से आने वाले वाहनों को दूसरी तरफ से आने वाले वाहन दिखाई ही नहीं देते और अकसर दुर्घटनाओं का खतरा रहता है। पिछले दिनों चंडीगढ़ चौक को थोड़ा खुला किया गया तो प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान फट्टी बस्ता चौक के पास कम चौड़ाई वाली सड़क पर भी गया। अधिकारी इस बात से हैरान है कि दोनों तरफ सड़क इतनी चौड़ी है तो फिर इस जगह से इसकी चौड़ाई इतनी कम क्यों है। पिछले दिनों चौक के आसपास के दुकानदारों को उनके कागजात दिखाने को कहा गया था। सूत्रों के मुताबिक दुकानदारों ने अपने कागजात तो दिखाए लेकिन प्रशासन उनसे संतुष्ट नहीं दिखा। इस जगह पर केसी ग्रुप के चेयरमैन प्रेम पाल गांधी का भी दखल है, इसीलिए प्रशासन उन्हें भी विश्वास में लेकर चलना चाहता है। सोमवार को चौक पर पहुंची प्रशासनिक टीम में गांधी भी उनके साथ थे। एसडीएम जीवन जगजोत ने बताया कि ट्रैफिक की दिक्कत को दूर करने के लिए चौक को खुला करने की कोशिश की जा रही है लेकिन किसी के साथ भी धक्का नहीं होने दिया जाएगा। उधर, दुकानदारों का कहना है कि वे कई सालों से इस जगह पर बैठे हैं और उनके बारे में भी प्रशासन को कुछ सोचना चाहिए।
एसडीएम जीवन जगजोत चौक का मुआयना करने के बाद भास्कर से बात करते हुए जबकि केसी ग्रुप के चेयरमैन प्रेमपाल गांधी उनकी गाड़ी में बैठते हुए।